NCRKhabar@Bhiwadi. हरियाणा के नूंह सहित अन्य जिलों में हुई हिंसा के बाद भिवाड़ी पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। भिवाड़ी पुलिस हरियाणा से लगती सीमाओं पर 13 स्थानों पर नाकाबंदी कर वाहनों की सघन जांच करने के बाद राजस्थान में प्रवेश करने दे रही है। चौपानकी थाना क्षेत्र के मेवात जाने वाले मार्ग पर अजेमरी नाका पर पुलिस व आरएसी के जवान तैनात हैं जबकि मेंहदीका गांव से आगे तावडू सदर थाना क्षेत्र के सीलखो गांव के बीच हरियाणा पुलिस ने नाका लगाया हुआ है। गुरुवार सुबह सुरक्षा व्यवहार का जायजा लेने NCRKhabar की टीम पहुंची तो नाकों पर तैनात पुलिसकर्मी मेवात की तरफ से आने वाले वाहनों की जांच करते हुए दिखाई दिए। पुलिस नाकों पर पर्याप्त जाब्ता होने की वजह से आसपास के लोग सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। इसी तरह खोरी बैरियर, आकेड़ा, राठीवास व नीमली सहित हरियाणा जाने वाले मार्ग पर बनाए गए अन्य नाकों पर पुलिस वाहनों की चेकिंग करने के अलावा संदिग्ध लोगों पर नज़र रख रही है। पुलिस अधिकारी भी गश्त कर पुलिस नाकों पर हालात का जायजा ले रहे हैं।


सबसे ज़्यादा चिंतित हैं प्रवासी, दुकानदार भयभीत
तावडू में गत बुधवार की रात को एक मस्जिद में हुई तोड़फोड़ के बाद भिवाड़ी में भी लोगों में दहशत का माहौल है तथा लोग डरे-सहमे हुए हैं। सबसे ज़्यादा चिंतित रोजी-रोटी की तलाश में अन्य प्रदेशों से आये प्रवासी लोग हैं और वे माहौल शांत नहीं होने पर पलायन करने की सोच रहे हैं। भिवाड़ी पुलिस ने मंगलवार को अलवर बाईपास पर तीन दुकानों में हुई तोड़फोड़ की घटना को गम्भीरता से लेते हुए उपद्रव करने वाले 9 लोगों को गिरफ्तार किया है जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। इसके बाद पुलिस की मुस्तैदी की वजह से कहीं से किसी अप्रिय घटना की खबर नहीं मिली है लेकिन लोगों के मन मे बसे भय को निकालना मुश्किल है। कई सोसायटीज व सेक्टर में रहने वाले मुस्लिम समाज के लोग अपने गांव चले गए हैं और कई दुकानें अभी तक नहीं खुली हैं। वहीं दिहाड़ी मज़दूर व कचरा एकत्र करने वाले प्रवासी मज़दूर काम पर नहीं जा रहे हैं।




Views: 707
Users Today : 30
Total Users : 4584340
Views Today : 31
Total views : 4608478



