भिवाड़ी। हरियाणा के गांवों का गंदा पानी भिवाड़ी में आने से रोकने के लिए नेशनल हाईवे पर मिट्टी डालकर अवरोधक बना दिया गया है। इससे महेश्वरी गांव की सीमा में नेशनल हाईवे पर पानी भरने से एक तरफ आवागमन बंद हो गया है तथा दुकानों के आगे जलभराव की वजह से ग्राहकी प्रभावित हुई है। वहीं महेश्वरी गांव के सामने भरे पानी का रिसाव माडर्न पब्लिक स्कूल के अंदर हो रहा था। इससे बचाव के लिए माडर्न स्कूल प्रबंधन नेशनल हाईवे की तरफ से दीवार के किनारे मिट्टी डालकर पानी का रिसाव बंद करवाया तथा स्कूल परिसर में खाई खुदवाया गया है, जिससे गंदा पानी समूचे स्कूल परिसर में नहीं जा सके। यहां बता दें कि गत सप्ताह माडर्न स्कूल की दीवार किसी ने तोड़ दिया था, जिससे अलवर बाईपास पर एकत्रित गंदा पानी स्कूल के अंदर भर गया था। स्कूल प्रबंधन ने भिवाड़ी पुलिस थाने में दीवार तोड़ने की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी लेकिन अभी तक आरोपियों का पता नहीं चल पाया है।
सीईटीपी में क्षमता से अधिक पानी कर रहे ट्रीट
भिवाड़ी के कॉमन एफलुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (सीईटीपी) में क्षमता से अधिक पानी ट्रीट किया जा रहा है। सीईटीपी के टैंक फैक्ट्रियों व घरेलू पानी से लबालब भरा हुआ है। सीईटीपी की क्षमता नौ एमएलडी की है लेकिन इन दिनों तकरीबन बीस एमएलडी से अधिक गंदा पानी ट्रीटकर खुशखेड़ा भेजा जा रहा है। सीईटीपी के लगातार क्षमता से अधिक चलने के कारण मोटर व पंप खराब होने की आशंका पैदा हो गई है। वहीं आकेड़ा, गुर्जर घटाल व अन्य स्थानों पर भिवाड़ी की तरफ से मिट्टी डालकर बनाये गए अवरोधक को हरियाणा की तरफ से तोड़ दिया गया था लेकिन इसे बंद करने का साहस भिवाड़ी प्रशासन नहीं जुटा पाया है।

Views: 676
Users Today : 36
Total Users : 4584346
Views Today : 37
Total views : 4608484



