
NCRKhabar@Kota. मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि कोटा का ऐतिहासिक विकास स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा। कभी पर्यटन में पीछे रहने वाले हाड़ौती क्षेत्र ने इतिहास रचा है। यहां का विकास सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधि के मजबूत संकल्प का अद्भुत उदाहरण है। राजस्थान के पर्यटन में कोटा का जुड़ना बड़ी सौगात है। अब कोटा विकास मॉडल की तरह प्रदेश के विभिन्न शहरों में भी कार्य कराए जाएंगे।
![]()
गहलोत ने बुधवार को कोटा में नवनिर्मित ऑक्सीजोन सिटी पार्क का लोकार्पण किया। इसके बाद पार्क का अवलोकन करते हुए सम्पूर्ण जानकारी ली। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यहां के कार्यों से अन्य जिलों के जनप्रतिनिधियों और दूसरे राज्यों की सरकारों को भी प्रेरणा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोटा पहला शहर है, जहां सड़कें ट्रैफिक सिग्नल फ्री हैं। यह पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम है। ऐसी व्यवस्था अन्य शहरों में भी कराई जा रही है। उन्होंने स्वायत्त शासन मंत्री की विकास के प्रति प्रतिबद्धता की तारीफ करते हुए कहा कि उनके निर्देशन में प्रदेश में 8.50 लाख पट्टे जारी किए गए। साथ ही, प्रशासन शहरों के संग अभियान ने लोगों को राहत दी है।
आयुष्मान भारत योजना से बेहतर चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना-
श्री गहलोत ने कहा कि केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना के तहत सोशल सर्वे में पात्र परिवारों को ही सिर्फ 5 लाख रुपए तक के इलाज की सुविधा मिलती है। वहीं, राजस्थान में 93 प्रतिशत लोगों को मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत 25 लाख रुपए तक का निःशुल्क इलाज और 10 लाख रुपए तक का दुर्घटना बीमा उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री से राजस्थान की जनहितैषी योजनाओं का अध्ययन कराकर एक समान रूप से देश में लागू कराए जाने की मांग की।

मिशन 2030 विकास का एक संकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, पानी, सामाजिक सुरक्षा, कृषि तथा आधारभूत संरचना विकास सहित विभिन्न क्षेत्रों में राजस्थान देश का मॉडल स्टेट बन गया है। स्वास्थ्य का अधिकार, गिग वर्कर्स कानून, राजस्थान न्यूनतम आय गारंटी हमारी बड़ी उपलब्धि है। राजस्थान की जनहितैषी योजनाओं को केंद्र और अन्य राज्यों की सरकारों द्वारा चुनावी घोषणा पत्रों में शामिल किया जा रहा है। गहलोत ने कहा कि अब राजस्थान को वर्ष 2030 तक देश के अग्रणी राज्यों में लाने के लिए मिशन-2030 का लक्ष्य रखा है। इसमें 1 करोड़ लोगों से सुझाव और विचार लेकर विजन-2030 डॉक्यूमेंट इसी माह जारी किया जाएगा। उन्होंने प्रदेशवासियों से वेबसाइट, विभागों, जिला प्रशासन तथा वीडियो कॉन्टेस्ट के जरिए अपने सुझाव प्रेषित करने का आह्वान किया।






Post Views: 935
Users Today : 283
Total Users : 154237
Views Today : 294
Views This Year : 71090
Total views : 243510



