
NCRkhabar@Bhiwadi. मॉडर्न पब्लिक स्कूल भिवाड़ी में रंगारंग कार्यक्रम के साथ आयोजित समारोह में शैक्षणिक उत्कृष्टता के आधार पर सीनियर विंग और जूनियर विंग के मेधावियों को सम्मानित करते हुए उन्हें स्कॉलर बैज, प्रमाण पत्र और ट्रॉफी प्रदान किया गया। यह बैज उन प्रतिभाओं को दिए जाते हैं जो अपनी कड़ी मेहनत और अनुशासन से यह साबित कर देते हैं कि किस प्रकार जीवन में मंजिल को प्राप्त किया जा सकता है। कार्यक्रम का आरंभ विद्यालय की एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर श्रीमती तापती चटर्जी और प्रधानाचार्य श्री पी.के. साजू ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य ने स्कॉलर बैज हासिल करने वाले सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि आज का दिन हम सब के लिए बेहद खास है, क्योंकि हम यहां उन विद्यार्थियों को सम्मानित करने के लिए एकत्रित हुए हैं, जिन्होंने अपनी कड़ी मेहनत,लगन और समर्पण से यह बैज हासिल किया है। इन्होंने प्रत्येक वर्ष निरंतर परिश्रम, अनुशासन और समर्पण का परिचय दिया है और दिखाया है, कि लक्ष्य कैसे हासिल किया जाता है। ये ही बच्चे आगे चलकर न केवल अपने परिवार का बल्कि अपने देश का नाम रोशन करेंगे। स्कूल की एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर श्रीमती तापती चटर्जी ने सभी बच्चों को अपना आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि सभी बच्चे आगे भी ऐसे ही सफलता की ऊंचाइयों को छूते रहें और अपने साथ-साथ बाकी बच्चों को भी प्रेरित करते रहें। समारोह में स्कूल की हेडमिस्ट्रेस श्रीमती आशा बोस, श्रीमती जसवंत कौर सिक्का, डिप्टी हेड मिस्ट्रेस श्रीमती आभा शर्मा, श्री धर्मवीर शर्मा एवं अन्य अध्यापक- अध्यापिकाएं उपस्थित थे। रंगारंग कार्यक्रम के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ ।



Users Today : 243
Total Users : 4584301
Views Today : 320
Total views : 4608436



