
NCRkhabar@Bhiwadi. भिवाड़ी पुलिस (Bhiwadi Police) जिले की जैरोली थाना पुलिस ने (Jairoli Police Station) गोतस्करी के एक बड़े मामले का पर्दाफाश करते हुए खलीलपुरी निवासी सुन्दरलाल जाट और बालियावस निवासी हारून को गिरफ्तार किया है। एसएचओ विक्रम सिंह ने बताया कि आरएसी की सातवीं बटालियन के हेड कांस्टेबल राजेन्द्र प्रसाद ने पुलिस को सूचना दी कि एक पिकअप वाहन में कुछ व्यक्ति गोवंश को तस्करी कर गौकशी के इरादे से फिरोजपुर की ओर ले जा रहे हैं। उन्होंने संदिग्ध वाहन को पडासली नाके पर रोक कर रखा था।
सूचना मिलते ही जैरोली के एसएचओ एसआई विक्रम सिंह तुरंत अपनी टीम के साथ पडासली चौकी पर पहुंचे। वहां उन्होंने हेड कांस्टेबल द्वारा रोके गए पिकअप की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पिकअप की ट्रॉली में एक गाय और एक बछड़ा बंधा हुआ पाया गया।
एसएचओ विक्रम सिंह ने मौके पर ही वाहन में सवार दो व्यक्तियों से पूछताछ की। इनमें से एक ने अपना नाम तिजारा थाना क्षेत्र के खलीलपुरी निवासी सुन्दरलाल जाट व दूसरे ने अपना नाम हारून बताया और वह शेखपुर थाना क्षेत्र के बालियावास का निवासी है।
हारून ने पूछताछ के दौरान ग्राम पंचायत बालावास पंचायत समिति बानसूर के लेटर पैड की एक फोटोप्रति पेश की। उसने दावा किया कि वे उक्त गोवंश को बानसूर तहसील के बालावास गांव से लाए हैं और उन्हें आगे पुन्हाना (हरियाणा) ले जा रहे हैं। हालांकि पुलिस की पड़ताल में यह सामने आया कि उनके पास राजस्थान से हरियाणा में गोवंश को ले जाने के लिए जिला कलेक्टर की आवश्यक अनुमति और परमिट मौजूद नहीं थे।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पिकअप में बंधे दोनों गोवंश को मुक्त कराया और उन्हें सुरक्षित रूप से गोशाला भेज दिया। इसके साथ ही दोनों गोतस्करों सुन्दरलाल जाट और हारून को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने दोनों गोवंश को गोशाला में भिजवाया और आरोपियों से पूछताछ कर रही है।



Views: 548
Users Today : 0
Total Users : 4584310
Views Today :
Total views : 4608447



