संत ज़ेवियर स्कूल की उपप्रधानाचार्या सिस्टर ग्रेसी व सहायक कर्मचारी विजया देवी को दी विदाई

SHARE:

Education@NCRkhabar.com/Bhiwadi.  संत जेवियर स्कूल, भिवाड़ी में शनिवार को सहायक कर्मचारी श्रीमती विजया देवी की सेवानिवृति और उपप्रधानाचार्या सिस्टर ग्रेसी को विदाई दी गई। विद्यालय प्रांगण में आयोजित इस गरिमामय कार्यक्रम में शिक्षक,  कर्मचारी और विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जिन्होंने दोनों के प्रति अपना स्नेह और सम्मान व्यक्त किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक रूप से ईश वंदना और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यालय परिवार ने श्रीमती विजया देवी और सिस्टर ग्रेसी को पुष्प गुच्छ भेंटकर उनका आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर श्रीमती नसरीन ने श्रीमती विजया देवी के साथ बिताए वर्षों के अनुभवों को साझा किया, जबकि श्रीमती रीटा जैन ने उपप्रधानाचार्या सिस्टर ग्रेसी के साथ के यादगार पलों को अपने शब्दों में पिरोया।
डी पी एक्स क्लब के सदस्यों ने दोनों के विद्यालय जीवन की सुनहरी यादों को तस्वीरों के माध्यम से संकलित कर एक आकर्षक चलचित्र प्रस्तुत किया, जिसने सभी को भावुक कर दिया। प्रधानाचार्य फादर सोबिन के. थॉमस ने अपने संबोधन में श्रीमती विजया देवी के लगभग 30 वर्षों के विद्यालय के रख-रखाव और सफाई व्यवस्था में दिए गए अमूल्य योगदान की सराहना की। उन्होंने सिस्टर ग्रेसी द्वारा पिछले दो वर्षों में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए गए प्रयासों और बनाई गई महत्वपूर्ण योजनाओं के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर शिक्षकगण ने एक मार्मिक विदाई गीत प्रस्तुत किया, जिसने वातावरण को और भी भावुक बना दिया। वहीं, विद्यालय के सहायक कर्मियों ने एक मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मनोरंजन किया। पूरे कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन श्रीमती सुनीता शर्मा और श्रीमती कविता द्वारा किया गया, जिन्होंने अपनी वाणी से कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया।

 

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 6 3 2 7
Users Today : 165
Total Users : 4563279
Views Today : 214
Total views : 4579604
Read More