
Ncrkhabar@Bhiwadi.भिवाड़ी। नगर परिषद भिवाड़ी के 60 वार्डों के पार्षद पद के लिए हुए चुनाव की मतगणना सोमवार सुबह भिवाड़ी मोड़ स्थित राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शुरू हुई। अब तक घोषित परिणामों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बढ़त बनाए हुए है, जबकि निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी कई वार्डों में जीत दर्ज कर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। कांग्रेस अब तक के परिणामों में पीछे दिखाई दे रही है।
अब तक सामने आए परिणामों में वार्ड 1 से हवा सिंह, वार्ड 2 से अमित नाहटा, वार्ड 3 से कृष्ण कुमार, वार्ड 4 से जगपाल दायमा, वार्ड 5 से चेष्टा कपूर, वार्ड 9 से कमल यादव, वार्ड 10 से सुरेंद्र सिंह यादव, वार्ड 13 से नरेश कुमार, वार्ड 14 से गुंजन खटाना, वार्ड 17 से करण सिंह, वार्ड 18 से बलजीत दायमा और वार्ड 25 से देवेंद्र यादव ने भाजपा के टिकट पर जीत दर्ज की है।
कांग्रेस की ओर से वार्ड 6 से पवन यादव, वार्ड 11 से कविता और वार्ड 27 से संजय कराहना के जीतने की जानकारी है। वहीं निर्दलीय प्रत्याशियों ने वार्ड 7, 8, 12, 15, 16, 19, 20, 21, 22, 23, 24 और 26 में जीत दर्ज की है।
सभापति पद के समीकरण में बड़ा उलटफेर
भिवाड़ी नगर परिषद के चुनाव परिणाम में वार्ड 26 का परिणाम सबसे ज्यादा चर्चा में है। सभापति पद के प्रबल दावेदार माने जा रहे तेजपाल कराहना को वार्ड 26 में हार का सामना करना पड़ा है। खास बात यह है कि कांग्रेस प्रत्याशी प्रभा यादव उनके समर्थन में बैठ गई थीं। इसके बावजूद तेजपाल कराहना चुनाव जीतने में सफल नहीं हो सके। उनकी हार से नगर परिषद के आगामी सभापति चुनाव को लेकर राजनीतिक समीकरण बदलने की संभावना है।अब तक के परिणामों में भाजपा की स्थिति मजबूत नजर आ रही है। हालांकि निर्दलीय पार्षदों की संख्या भी महत्वपूर्ण है। ऐसे में सभापति पद के चुनाव में निर्दलीय पार्षदों की भूमिका अहम हो सकती है। शेष वार्डों के परिणाम सामने आने के बाद नगर परिषद में बहुमत का गणित और सभापति पद की दौड़ की तस्वीर और स्पष्ट होगी। नगर परिषद भिवाड़ी में कुल 60 वार्ड हैं। मतगणना के दौरान प्रत्याशियों और समर्थकों की नजर लगातार परिणामों पर बनी हुई है।

Users Today : 2
Total Users : 4580046
Views Today : 11
Total views : 4602097



