
ncrkhabar@bhiwadi. कस्बे में मूसलाधार बारिश ने भिवाड़ी की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी है। जगह-जगह पानी जमा होने से सड़कें नालों में बदल गई हैं और निचले इलाकों में घरों व दुकानों में पानी घुस गया। अलवर बाईपास से लेकर भगतसिंह कॉलोनी तक हालात गंभीर हैं, लेकिन प्रशासन कहीं नजर नहीं आया। पार्श्वनाथ मॉल, रिलेक्सो चौक, समतल चौक, गौरव पथ और हरचंदपुर जैसे इलाकों में जलभराव के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। अलवर बाईपास पर नेशनल हाईवे 919 के हरियाणा सीमा रैंप पर चार-पांच फीट तक पानी भर गया, जिससे लोगों को ट्रैक्टरों के जरिए सुरक्षित स्थानों तक पहुँचाया गया।भगतसिंह कॉलोनी में बैंक, अस्पताल और दुकानों के बाहर पानी इतना भरा कि लोग घरों से बाहर तक नहीं निकल पा रहे। जगदंबा हॉस्पिटल के कर्मचारी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि बारिश के कारण मरीज अस्पताल तक नहीं पहुँच पा रहे हैं और कई भवनों के बेसमेंट पानी से लबालब हैं। खरखड़ा निवासी महेश शर्मा ने कहा कि जलभराव के कारण बैंक और शोरूम में ग्राहक नहीं पहुँच पा रहे। वहीं, संतोष सिंह ने बताया कि कॉलोनी में हर बारिश के बाद यही स्थिति होती है, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई जिम्मेदार मौके पर नहीं आता।
उद्योग और आमजन दोनों प्रभावित, प्रशासन खामोश
चौपानकी से भिवाड़ी मार्ग पर गाडपुर गांव की सड़क खड्डों में बदल चुकी है। पानी भर जाने से उद्योगों में काम करने वाले और स्थानीय निवासियों का आना-जाना मुश्किल हो गया है। इस मार्ग से रोजाना काम पर जाने में जान वालों को दुर्घटना की आशंका बनी रहती है, लेकिन सड़क सुधारने के लिए प्रशासन ने कोई कदम नहीं उठाया है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि हर चुनाव में नेता और अधिकारी जलभराव की समस्या का समाधान करने का वादा करते हैं, लेकिन जीतने के बाद जनता को भूल जाते हैं। इस बार भी वही हाल है। केंद्रीय पर्यावरण राज्यमंत्री और अलवर सांसद भूपेंद्र यादव तथा तिजारा विधायक बाबा बालकनाथ अब तक बारिश से बेहाल जनता की सुध लेने नहीं पहुंचे हैं।
जलभराव का दंश झेल रही जनता
भिवाड़ी की जनता जलभराव का दंश झेल रही है, लेकिन छुट्टी के दिन होने के बावजूद प्रशासन और जनप्रतिनिधि कहीं नजर नहीं आए। लोगों का कहना है कि जब तक जिम्मेदार मौके पर आकर हालात का जायजा नहीं लेते, तब तक समस्या का समाधान निकालना मुश्किल है। वादों और योजनाओं की फाइलों से बाहर राहत मिलती दिखाई नहीं दे रही।

Users Today : 105
Total Users : 4563219
Views Today : 121
Total views : 4579511



