
ncrkhabar@Bhiwdi.भिवाड़ी फेज थर्ड थाना पुलिस ने औद्योगिक क्षेत्र में सक्रिय पीतल–तांबा चोरी गैंग पर बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंग के दो मुख्य सदस्यों समेत कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। फैक्ट्री में सेंध लगाकर की गई इस संगठित चोरी का खुलासा सीसीटीवी फुटेज और संयुक्त पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई से संभव हुआ। पुलिस ने आरोपियों से करीब 500 किलो चोरी का पीतल बरामद कर लिया है।फेज थर्ड थाना पुलिस ने औद्योगिक क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय पीतल व तांबे के चोरी गैंग का भंडाफोड़ करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कासा बाथ फिटिंग्स प्राइवेट लिमिटेड में हुई नकबजनी के मामले में गैंग के दो सक्रिय सदस्य शक्ति ठाकुर व दीपक, तथा माल खरीदने वाले कबाड़ी सुभाष, इकबाल, राहुल कुमार और अंकूर जैन को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से लगभग 500 किलो चोरी किया गया पीतल बरामद कर लिया गया है।
दिन में रेकी, रात में चोरी—रिक्शा से अंजाम देते थे वारदात
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह दिन में फैक्ट्रियों की रेकी कर लेता था और देर रात ऑटो रिक्शा का इस्तेमाल करते हुए चोरी को अंजाम देता था। गैंग के सरगना शक्ति ठाकुर के खिलाफ भिवाड़ी व भिवाड़ी फेज थर्ड पुलिस थाने में पहले भी आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।
इस तरह दिया वारदात को अंजाम
कासा बाथ फिटिंग्स के मालिक अशियाना आंगन निवासी रजत सारदा ने रिपोर्ट में बताया कि 22 नवंबर को फैक्ट्री बंद कर घर जाने के बाद 24 नवंबर की सुबह चोरी की सूचना मिली। सीसीटीवी फुटेज में दिखा कि 23 नवंबर की रात लगभग 1:55 बजे चोर बगल की बंद पड़ी फैक्ट्री की दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने फर्म की तारबंदी काटी और तीन ताले तोड़कर करीब 900 किलो पीतल से भरे 18 कट्टों को बाहर निकाल लिया। घटना के दौरान सिक्योरिटी गार्ड विकास कुमार गार्ड रूम में सोया हुआ था।
संयुक्त टीम का गठन कर आरोपियों को दबोचा
मामले की गंभीरता को देखते हुए भिवाड़ी सर्किल डीएसटी टीम, सीडीएस टीम, थाना भिवाड़ी और फेज थर्ड थाना पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई। गत 29 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर रेलवे लाइन कहरानी क्षेत्र से शक्ति ठाकुर और दीपक को दबोच लिया गया। दोनों ने पूछताछ में चोरी का माल रामपुरा भिवाड़ी के कबाड़ी सुभाष, इकबाल और राहुल कुमार को बेचने की बात स्वीकार की। आगे यह माल रेवाड़ी के गढ़ी बोलनी रोड स्थित अमंगनी सोसायटी निवासी अंकूर जैन को बेचा गया था। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 500 किलो पीतल बरामद किया। इसके अलावा नयागाँव में दबिश देकर अंकूर जैन से खरीदा गया चोरी का माल भी जब्त किया गया है। एसएचओ दारा सिंह ने बताया कि गिरोह से पूछताछ जारी है और वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश के लिए टीमों को भेजा गया है।

Users Today : 366
Total Users : 143512
Views Today : 439
Views This Year : 57792
Total views : 230212



