
ncrkhabar@Bhiwadi. जयपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक एच.जी. राघवेंद्र सुहास ने गुरुवार को भिवाड़ी एसपी कार्यालय में क्राइम मीटिंग लेकर कानून-व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की। उन्होंने अपराध नियंत्रण, वांछित अपराधियों की धरपकड़ और लंबित मामलों के निस्तारण पर फोकस करते हुए हरियाणा से लगती सीमा पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी जारी किए। बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रशांत किरण, एएसपी अतुल साहू सहित सभी उच्च अधिकारी और थानाधिकारी उपस्थित रहे। आईजी सुहास ने कहा कि जिले में संगठित अपराध, वाहन चोरी, नकबजनी और साइबर अपराधों को रोकने के लिए पुलिस को अपनी रणनीति और अधिक प्रभावी बनानी होगी। उन्होंने वांछित अपराधियों की धरपकड़ में तेजी लाने और लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर दिया।आईजी सुहास ने बैठक के दौरान स्पष्ट निर्देश दिए कि हरियाणा से लगती सीमा पर विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि कई अपराधी सीमा क्षेत्र का उपयोग भागने या अवैध गतिविधियों के लिए करते हैं, ऐसे में बॉर्डर चेकपोस्ट पर गश्त और चेकिंग को और सख्त किया जाए। पुलिसकर्मियों को बॉर्डर रूट्स पर नियमित पेट्रोलिंग, नाकाबंदी और सीसीटीवी मॉनिटरिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए। आईजी सुहास ने अधिकारियों को जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने, महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने और गंभीर मामलों में त्वरित व प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पुलिस कर्मियों को टीमवर्क के साथ काम करना होगा। बैठक में पुलिस अधीक्षक भिवाड़ी प्रशांत किरण ने जिले में चल रहे अभियानों और हालिया कार्रवाईयों की जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने कानून-व्यवस्था, गश्त व्यवस्था और बीट प्रणाली को और सुदृढ़ करने को लेकर सुझाव साझा किए।

Users Today : 191
Total Users : 151522
Views Today : 248
Views This Year : 67884
Total views : 240304



