भिवाड़ी के कार्तिक सुहाग ने दुबई में यूथ एशियन पैरा बैडमिंटन गेम्स 2025 में दो स्वर्ण पदक जीतकर बढ़ाया देश का मान

SHARE:

Sports@ncrkhabar. com-Bhiwadi. भिवाड़ी–अलवर स्टेट हाईवे स्थित ओमेक्स पैनोरमा सिटी निवासी पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी कार्तिक सुहाग ने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए भिवाड़ी सहित पूरे देश का नाम रोशन किया है। मूल रूप से हरियाणा के झज्जर जिले के मातनहेल गांव के निवासी कार्तिक सुहाग ने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और अनुशासन के बल पर पैरा बैडमिंटन की दुनिया में अलग पहचान बनाई है। हाल ही में 7 से 14 दिसंबर तक दुबई में आयोजित ‘यूथ एशियन पैरा बैडमिंटन गेम्स 2025’ में कार्तिक सुहाग ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए एकल और युगल दोनों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक अपने नाम किए। इस उपलब्धि के साथ ही उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय मंच पर भारत का तिरंगा लहराया और प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में अपनी जगह बनाई। इससे पूर्व कार्तिक ने जूनियर एवं सीनियर नेशनल पैरा बैडमिंटन चैंपियनशिप, लखनऊ में विभिन्न आयु वर्गों में शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच स्वर्ण पदक और एक रजत पदक जीतकर सर्वाधिक पदक प्राप्त करने का गौरव हासिल किया था। उनकी इस उपलब्धि ने राष्ट्रीय स्तर पर उनकी प्रतिभा को स्थापित किया। इसके अलावा वर्ष 2024 में युगांडा में आयोजित पैरा बैडमिंटन इंटरनेशनल टूर्नामेंट में भी कार्तिक सुहाग ने एकल और युगल दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीतकर अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत को गौरवान्वित किया। वह अब तक कई अन्य अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। कार्तिक सुहाग की इस बड़ी उपलब्धि पर ओमेक्स पैनोरमा सिटी निवासी एवं सीएमटी ग्रुप के निदेशक सुशील राजपूत ने उन्हें हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि कार्तिक ने अपनी मेहनत और समर्पण से युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है। साथ ही उन्होंने कार्तिक के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वह आने वाले समय में देश के लिए और भी बड़ी उपलब्धियां हासिल करेंगे।

 

दुबई में आयोजित प्रतियोगिता में जीते पदक के साथ कार्तिक सुहाग।

Leave a Comment

Our Visitor

1 5 1 4 9 6
Users Today : 165
Total Users : 151496
Views Today : 214
Views This Year : 67850
Total views : 240270
Read More