अलवर बाइपास पर जलभराव से त्रस्त एमपीएस के विद्यार्थियों ने बीड़ा कार्यालय में किया प्रदर्शन

SHARE:

education@ncrkhabar. com-Bhiwadi.अलवर बाइपास पर लगातार बनी जलभराव की गंभीर समस्या के खिलाफ मॉडर्न पब्लिक स्कूल (एमपीएस) भिवाड़ी के छात्र-छात्राओं का गुस्सा सोमवार को सड़कों से निकलकर बीड़ा कार्यालय तक पहुंच गया। सैकड़ों की संख्या में विद्यार्थियों ने बीड़ा कार्यालय के भीतर सीईओ कार्यालय के सामने करीब एक घंटे तक नारेबाजी कर जलभराव से निजात दिलाने की मांग की। प्रदर्शन के चलते कुछ समय के लिए बीड़ा कार्यालय में कामकाज भी प्रभावित रहा।

स्कूल के प्रिंसिपल पी.के. साजू ने बताया कि अलवर बाइपास पर पिछले तीन वर्षों से जलभराव की समस्या बनी हुई है। बारिश के समय तो हालात और भी खराब हो जाते हैं, लेकिन सामान्य दिनों में भी सड़क पर पानी भरा रहता है। इससे रोजाना स्कूल आने-जाने वाले विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई बार बच्चों को कीचड़ और गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे उनके गिरने और बीमार होने का खतरा बना रहता है। इसी समस्या को लेकर विद्यार्थियों ने शांतिपूर्ण ढंग से बीड़ा कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। छात्र हाथों में तख्तियां लेकर जलभराव खत्म करने की मांग कर रहे थे और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। छात्रों का कहना था कि कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस समाधान नहीं हुआ, इसलिए उन्हें मजबूर होकर प्रदर्शन करना पड़ा। प्रदर्शन के बाद छात्रों और स्कूल प्रबंधन का एक प्रतिनिधिमंडल बीड़ा सीईओ आईएएस अतुल प्रकाश से मिला और उन्हें पूरी स्थिति से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि जलभराव के कारण रोजाना ट्रैफिक जाम लगता है और स्कूल बसों सहित अभिभावकों की गाड़ियों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। बीड़ा सीईओ अतुल प्रकाश ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि समस्या के समाधान के लिए कार्य तेजी से चल रहा है। उन्होंने बताया कि मार्च महीने तक नया एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) बनकर तैयार हो जाएगा, जिससे क्षेत्र में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान संभव हो सकेगा। सीईओ के आश्वासन के बाद छात्रों ने अपना प्रदर्शन समाप्त किया, लेकिन उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तय समय में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे फिर से आंदोलन करेंगे। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से जल्द से जल्द अलवर बाइपास के जलभराव से राहत दिलाने की मांग की है।

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 6 3 2 4
Users Today : 132
Total Users : 4563246
Views Today : 156
Total views : 4579546
Read More