भिवाड़ी में नशीली कफ सीरप की तस्करी का भंडाफोड़, 73 शीशी ONEREX के साथ युवक गिरफ्तार

SHARE:

Crime@ncrkhabar. com-Bhiwadi. भिवाड़ी के टपूकड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशीली दवाओं की अवैध बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 73 शीशी नशीली कफ सीरप ONEREX बरामद की गई है, जिसमें कोडीन फॉस्फेट जैसे नशीले तत्व पाए गए हैं। यह मामला एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किया गया है। टपूकड़ा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मुकेश कुमार ने बताया कि रविवार को पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान टेरा केसल सोसायटी के पास मुसारी जाने वाले कच्चे रास्ते पर एक युवक संदिग्ध हालत में सफेद कट्टा लेकर आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह रास्ता बदलने लगा, जिससे शक होने पर उसे रोककर तलाशी ली गई। युवक ने अपना नाम अनीस उर्फ टीमानी, निवासी मुसारी थाना टपूकड़ा बताया। तलाशी के दौरान कट्टे के अंदर ONEREX कफ सीरप 100 एमएल की कुल 73 शीशियां मिलीं। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह इन शीशियों को ग्राहकों को नशे के तौर पर बेचने के लिए ले जा रहा था। दवाओं की जांच के लिए औषधि नियंत्रण अधिकारी अलवर को बुलाया गया, जिन्होंने पुष्टि की कि बरामद कफ सीरप में कोडीन फॉस्फेट (10 एमजी प्रति 5 एमएल) मौजूद है, जो एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रतिबंधित नारकोटिक ड्रग की श्रेणी में आता है। पुलिस ने आरोपी से लाइसेंस, परमिट और बिल-बाउचर मांगे, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। फिलहाल टपूकड़ा पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि वह यह नशीली कफ सीरप कहां से लाया और इसे किन लोगों को सप्लाई किया जाना था। पुलिस को आशंका है कि इसके पीछे एक बड़ा ड्रग सप्लाई नेटवर्क सक्रिय है, जिसकी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई से भिवाड़ी और आसपास के इलाकों में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।

टपूकड़ा थाना पुलिस की गिरफ्त में आरोपी।

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 7 5 9 5
Users Today : 204
Total Users : 4575954
Views Today : 251
Total views : 4596818
Read More