
Ncrkhabar@Bhiwadi. नगर परिषद भिवाड़ी के सभापति पद के 21 सितंबर को होने वाले चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। सभापति पद के लिए चार नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं। भाजपा की ओर से वार्ड संख्या 14 से निर्वाचित डॉ. गुंजन खटाना ने पार्टी के सिंबल के साथ नामांकन दाखिल किया है। वहीं कांग्रेस ने वार्ड संख्या 26 से निर्दलीय निर्वाचित पार्षद गगन तंवर ने कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र भरा है। इसके अलावा पूर्व सभापति शीशराम तंवर ने भाजपा और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया है। उनके नामांकन के बाद सभापति पद के चुनाव में त्रिकोणीय मुकाबले के आसार बन गए हैं। हालांकि नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी के बाद ही अंतिम चुनावी तस्वीर स्पष्ट होगी।
युवाओं पर भाजपा-कांग्रेस ने खेला दांव
भाजपा और कांग्रेस के दोनों प्रमुख प्रत्याशी पहली बार पार्षद चुने गए हैं। दोनों दलों ने सभापति पद के लिए युवा चेहरों पर भरोसा जताया है। कांग्रेस प्रत्याशी गगन तंवर का नामांकन तिजारा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी रहे इमरान खान और पूर्व विधायक संदीप यादव ने दाखिल करवाया। वहीं भाजपा प्रत्याशी डॉ. गुंजन खटाना का नामांकन भाजपा जिलाध्यक्ष महा सिंह चौधरी ने दाखिल करवाया।दोनों प्रत्याशियों की राजनीतिक पारिवारिक पृष्ठभूमि भी चर्चा में है। डॉ. गुंजन खटाना के पिता अजीत खटाना और गगन तंवर के पिता जीत सिंह तंवर नगर परिषद के पार्षद रह चुके हैं। दोनों प्रत्याशी गुर्जर समाज से आते हैं।
निर्दलीय पार्षदों की अहम रहेगी भूमिका
नगर परिषद भिवाड़ी के 60 वार्डों में भाजपा के 30, कांग्रेस के 9, निर्दलीय 20 और बसपा का एक पार्षद निर्वाचित हुआ है। सभापति पद के लिए 31 पार्षदों के समर्थन की आवश्यकता है। भाजपा बहुमत के आंकड़े से एक सीट दूर है। ऐसे में निर्दलीय पार्षदों की भूमिका महत्वपूर्ण हो गई है।
कब होगा सभापति और उपसभापति का चुनाव?
निर्वाचन अधिकारी सुमित्रा मिश्र के अनुसार सभापति पद के नामांकन पत्रों की जांच गुरुवार को होगी। शुक्रवार दोपहर तीन बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसके बाद चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। सभापति पद के लिए 21 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक मतदान होगा। मतदान के बाद मतगणना कर चुनाव परिणाम घोषित किया जाएगा।
वहीं उपसभापति पद के लिए 22 सितंबर को सुबह 10 से 11 बजे तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे। सुबह 11:30 बजे से नामांकन पत्रों की जांच होगी और दोपहर 2 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। आवश्यकता होने पर दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा। इसके बाद परिणाम घोषित किया जाएगा।
– सभापति पद के लिए चार नामांकन पत्र दाखिल हुए हैं। भाजपा की ओर से सिंबल के साथ डॉ. गुंजन खटाना तथा कांग्रेस की ओर से गगन तंवर ने नामांकन किया है। पूर्व सभापति शीशराम तंवर ने भाजपा और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र दाखिल किया है।
– सुमित्रा मिश्र, निर्वाचन अधिकारी भिवाड़ी।


Users Today : 2
Total Users : 4580046
Views Today : 11
Total views : 4602097



