Rajasthan Panchayat Election 2026: पंचायत चुनाव का बिगुल बजने की तैयारी, 23 व 24 को निकलेगी को जिला परिषद-पंचायत समिति व सरपंच की लॉटरी

SHARE:

ncrkhabar@Bhiwadi/Jaipur.राजस्थान में पंचायती राज चुनाव 2026 को लेकर लंबे समय से आरक्षण की तस्वीर साफ होने का इंतजार कर रहे संभावित दावेदारों के लिए बड़ा अपडेट सामने आया है। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग ने पंचायत चुनाव की आरक्षण लॉटरी की नई तारीखें घोषित कर दी हैं। विभाग के शासन सचिव एवं आयुक्त डॉ. जोगाराम के हस्ताक्षर से 16 सितंबर की रात जारी पत्र के अनुसार अब 23 और 24 सितंबर 2026 को आरक्षण लॉटरी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

23 सितंबर को जिला स्तर पर आरक्षण लॉटरी

विभागीय निर्देशों के अनुसार 23 सितंबर 2026 को प्रत्येक जिला मुख्यालय पर जिला कलेक्टर के निर्देशन में जिला परिषद सदस्यों, पंचायत समिति प्रधान और पंचायत समिति सदस्यों के पदों के लिए आरक्षण लॉटरी निकाली जाएगी। इससे जिला परिषद और पंचायत समिति स्तर पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे संभावित प्रत्याशियों के लिए आरक्षण की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।

24 को सरपंच और वार्ड पंच का होगा आरक्षण

इसके अगले दिन 24 सितंबर 2026 को उपखंड स्तर पर सरपंच और वार्ड पंच के पदों के लिए आरक्षण लॉटरी आयोजित की जाएगी। लॉटरी के बाद गांवों में विभिन्न पदों के लिए आरक्षण की स्थिति स्पष्ट होगी और संभावित प्रत्याशी अपनी चुनावी रणनीति तय कर सकेंगे।

जिला प्रमुख पद का आरक्षण पहले ही तय

पंचायती राज विभाग के अनुसार जिला परिषद के जिला प्रमुख पदों के लिए आरक्षण निर्धारण की लॉटरी 13 अगस्त 2026 को पहले ही पूरी हो चुकी है। अब जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति प्रधान, पंचायत समिति सदस्य, सरपंच और वार्ड पंच पदों के आरक्षण की प्रक्रिया पूरी की जानी है।

15 नवंबर तक पूरी होगी पंचायत चुनाव प्रक्रिया

विभागीय पत्र में उच्च न्यायालय के आदेशों का हवाला देते हुए 15 नवंबर 2026 तक पंचायती राज संस्थाओं की चुनाव प्रक्रिया पूरी कराने की बात कही गई है। ऐसे में 23 और 24 सितंबर को होने वाली आरक्षण लॉटरी पंचायत चुनाव की तैयारियों में महत्वपूर्ण चरण होगी।

आरक्षण लॉटरी की तारीख घोषित होने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में चुनावी गतिविधियां बढ़ने लगी हैं। संभावित प्रत्याशियों की नजर अब अपने-अपने क्षेत्र की आरक्षण स्थिति पर है। लॉटरी के बाद यह तय होगा कि संबंधित सीट सामान्य वर्ग, महिला या आरक्षित वर्ग के लिए निर्धारित है। इसके बाद दावेदारों की सक्रियता और चुनावी तैयारियां और तेज होने की संभावना है।

पंचायत चुनाव की मुख्य जानकारी:

23 सितंबर 2026: जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति प्रधान एवं पंचायत समिति सदस्य पदों की आरक्षण लॉटरी

24 सितंबर 2026: सरपंच एवं वार्ड पंच पदों की आरक्षण लॉटरी

13 अगस्त 2026: जिला प्रमुख पदों की आरक्षण लॉटरी पहले ही पूरी

15 नवंबर 2026: पंचायती राज चुनाव प्रक्रिया पूरी कराने का लक्ष्य

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 8 0 0 4
Users Today : 2
Total Users : 4580046
Views Today : 11
Total views : 4602097
Read More