Bhiwadi News: पंचायत चुनाव 2026 के लिए प्रत्याशियों को प्रशिक्षण, नामांकन में चूक हुई तो निरस्त हो सकता है पर्चा

SHARE:

ncrkhabar@Bhiwadi. खैरथल-तिजारा जिले में पंचायत समिति आम चुनाव 2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। चुनाव में भाग लेने के इच्छुक संभावित प्रत्याशियों को नामांकन प्रक्रिया और निर्वाचन संबंधी नियमों की जानकारी देने के लिए शनिवार को जिले की सभी पंचायत समितियों में प्रत्याशी प्रबोधन कार्यशालाएं आयोजित की गईं। कार्यशालाओं में नामांकन पत्र भरने, आवश्यक दस्तावेज संलग्न करने और नामांकन निरस्त होने की परिस्थितियों के बारे में विस्तार से बताया गया।

राज्य निर्वाचन आयोग, जयपुर के निर्देशानुसार आयोजित इन कार्यशालाओं का उद्देश्य संभावित प्रत्याशियों को चुनाव प्रक्रिया की जानकारी देकर नामांकन के दौरान होने वाली सामान्य गलतियों से बचाना रहा। प्रशिक्षकों ने प्रत्याशियों को निर्धारित प्रपत्र भरने, सही जानकारी दर्ज करने, आवश्यक घोषणाएं करने और नामांकन पत्र के साथ जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत करने की प्रक्रिया समझाई।

नामांकन पत्र भरते समय इन बातों का रखें ध्यान

कार्यशाला में संभावित प्रत्याशियों को बताया गया कि नामांकन पत्र जमा करने से पहले सभी प्रविष्टियों की जांच करना और आवश्यक दस्तावेजों की पूर्णता सुनिश्चित करना जरूरी है। निर्वाचन संबंधी नियमों और निर्धारित प्रक्रियाओं की पालना नहीं करने, आवश्यक दस्तावेजों या सूचनाओं में कमी रहने तथा नियमानुसार अन्य परिस्थितियों में नामांकन पत्र निरस्त हो सकता है। ऐसे में प्रत्याशियों को नामांकन दाखिल करने से पहले सभी दिशा-निर्देशों का गंभीरता से अध्ययन करने की सलाह दी गई।

जिला कलक्टर अतुल प्रकाश ने दी जानकारी

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर अतुल प्रकाश ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पालना में जिले की सभी पंचायत समितियों में प्रत्याशी प्रबोधन कार्यशालाएं आयोजित की गईं। ब्लॉक स्तर पर प्रशिक्षित प्रशिक्षकों ने संभावित प्रत्याशियों को निर्वाचन प्रक्रिया, नामांकन संबंधी नियमों और जरूरी औपचारिकताओं की जानकारी दी।

प्रत्याशियों की शंकाओं का किया समाधान

कार्यशालाओं के दौरान संभावित प्रत्याशियों के साथ संवाद भी किया गया। प्रतिभागियों ने नामांकन पत्र भरने, आवश्यक दस्तावेजों, निर्धारित औपचारिकताओं तथा नामांकन पत्रों की जांच और निरस्तीकरण से जुड़े सवाल पूछे। प्रशिक्षकों ने नियमानुसार उनके सवालों के जवाब देकर शंकाओं का समाधान किया। जिले की सभी पंचायत समितियों में आयोजित कार्यशालाओं में बड़ी संख्या में संभावित प्रत्याशियों ने भाग लिया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से पंचायत समिति आम चुनाव 2026 में भाग लेने के इच्छुक लोगों को निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने और नामांकन संबंधी नियमों की जानकारी उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया।

फोटो कैप्शन: पंचायत समिति आम चुनाव-2026 को लेकर आयोजित प्रत्याशी प्रबोधन कार्यशाला में संभावित प्रत्याशियों को नामांकन प्रक्रिया एवं निर्वाचन संबंधी नियमों की जानकारी देते प्रशिक्षक।

 

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 8 0 0 4
Users Today : 2
Total Users : 4580046
Views Today : 11
Total views : 4602097
Read More