


ncrkhabar@Bhiwadi.संत जेवियर स्कूल भिवाड़ी में शनिवार को बाल दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में बच्चों के मनोरंजन के साथ उन्हें अच्छे संस्कार, अनुशासन और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देने वाले कार्यक्रम आयोजित किए गए। शिक्षकों की रंगारंग प्रस्तुतियों और जादूगर के शो ने विद्यार्थियों का खूब मनोरंजन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय प्रबंधन समिति की ओर से पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद शिक्षकों के संगीत वर्ग ने मधुर प्रार्थना गीत प्रस्तुत किया। शिक्षक सहाय राज ने देश-विदेश और विद्यालय से जुड़ी प्रमुख खबरें रोचक अंदाज में सुनाईं।
कार्यक्रम में प्रशांत पिपलानी ने कविता के माध्यम से बच्चों की नटखट शरारतों और मासूमियत को खूबसूरती से प्रस्तुत किया। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत करने, अनुशासन बनाए रखने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद शिक्षकों ने सामूहिक नृत्य की प्रस्तुति दी, जिसे देखकर बच्चे भी झूम उठे। श्रीमती पुष्पा वर्मा ने हास्य कविता सुनाकर बच्चों का मनोरंजन किया। शिक्षकों की ओर से प्रस्तुत शिक्षाप्रद नाटक में अच्छे संस्कार, अनुशासन और सच्चाई के महत्व को दर्शाया गया। विद्यालय के मैनेजर फादर थॉमस कुरियाकोस ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चे ही देश का भविष्य हैं। उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करनी चाहिए, बड़ों का सम्मान करना चाहिए और हमेशा सच्चाई के मार्ग पर चलना चाहिए। बाल दिवस पर विद्यालय प्रबंधन समिति की ओर से विद्यार्थियों के मनोरंजन के लिए जादूगर अशोक सम्राट का विशेष शो भी आयोजित किया गया। जादू के करतब देखकर बच्चे उत्साहित नजर आए और उन्होंने कार्यक्रम का जमकर आनंद लिया। अंत में उपप्रधानाचार्या सिस्टर शायनी ने प्रबंधन समिति, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का मंच संचालन रीटा जैन ने किया।

Users Today : 43
Total Users : 4585925
Views Today : 45
Total views : 4610462


