


ncrkhabar@Bhiwadi.भिवाड़ी और आसपास के
औद्योगिक क्षेत्रों में रविवार को छठ महापर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से आकर बसे परिवारों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ छठी मैया की पूजा-अर्चना की और अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। शाम होते ही शहर के विभिन्न पूजा स्थलों पर बनाए गए कृत्रिम घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। व्रती महिलाओं ने परिवार के सदस्यों के साथ पूजा की टोकरी लेकर घाटों पर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा की।
भिवाड़ी के यूआईटी सेक्टर पांच, अरावली विहार, गांधी कुटीर, सेक्टर चार, सेक्टर दो, थड़ा गांव स्थित हिलव्यू गार्डन सोसायटी, नया गांव, घटाल रोड और सदर बाजार सहित विभिन्न स्थानों पर छठ पूजा के आयोजन हुए। इसके अलावा टपूकड़ा, कारोली, खुशखेड़ा और चौपानकी में भी श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से छठ महापर्व मनाया। कई स्थानों पर कृत्रिम घाट बनाकर पानी और रोशनी की विशेष व्यवस्था की गई थी।
व्रती महिलाओं ने दिनभर निर्जला व्रत रखकर शाम को डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। घाटों पर फल, फूल, नारियल, गन्ना, ठेकुआ और अन्य पारंपरिक पूजा सामग्री से सजे सूप और टोकरी आकर्षण का केंद्र रहे। सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा।
यूआईटी सेक्टर पांच में समिति ने संभाली व्यवस्थाएं
अयूआईटी सेक्टर पांच में छठ पूजा समिति के अध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता, संतोष सिंह और कार्यकारिणी के सदस्यों ने आयोजन में पहुंचे श्रद्धालुओं का स्वागत किया। इस दौरान नगर परिषद सभापति प्रतिनिधि अजीत खटाना, पार्षद अमित नाहटा, पवन चौहान सहित अन्य गणमान्य लोगों ने घाट पर पहुंचकर श्रद्धालुओं को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। वहीं, राजस्थान आवासन मंडल सेक्टर चार स्थित गांधी कुटीर में छठ पूजा समिति के राहुल सिंह राजपूत और उनकी टीम ने आयोजन की व्यवस्थाएं संभालीं। यूआईटी सेक्टर दो स्थित में चंद्रमा सिंह व पार्षद प्रतिनिधि बिल्लू राठी सहित अन्य लोगों ने पार्क में छठ पूजा का सफल आयोजन करवाया।

हिलव्यू गार्डन सोसायटी में भी रही छठ पूजा की धूम

भिवाड़ी के थड़ा गांव स्थित हिलव्यू गार्डन सोसायटी के फाउंटेन पार्क में छठ महापर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। सोसायटी की व्रती महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना कर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर पार्क को आकर्षक रोशनी से सजाया गया था। सोसायटी आरडब्ल्यूए के महासचिव धर्मेंद्र कुमार गौतम ने बताया कि आयोजन में सोसायटी के परिवारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शारदा सिन्हा के गीतों से गूंजते रहे छठ घाट
छठ पूजा के दौरान विभिन्न घाटों पर भोजपुरी लोकगीतों की गूंज रही। स्वर कोकिला शारदा सिन्हा के लोकप्रिय गीत ‘हो दीनानाथ’ और ‘पहिले-पहिल छठी मैया’ श्रद्धालुओं के बीच सुनाई देते रहे। उनके निधन के बाद भी छठ महापर्व पर उनके गीतों की लोकप्रियता बरकरार है। श्रद्धालुओं ने लोकगीतों की मधुर धुनों के बीच सूर्यदेव को अर्घ्य दिया। उनकी आवाज में रचे-बसे गीत आज भी नई पीढ़ी को पूर्वांचल की सांस्कृतिक विरासत से जोड़ रहे हैं।
बिहार और पूर्वांचल से भिवाड़ी तक जीवित हैं परंपराएं
रोजगार के सिलसिले में बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश से भिवाड़ी आकर बसे परिवारों के लिए छठ महापर्व अपनी मिट्टी, संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का खास अवसर है। औद्योगिक इकाइयों में कामकाज और व्यस्त दिनचर्या के बीच पर्व के मौके पर परिवार एकजुट होकर पूजा की तैयारियों में जुटते हैं। घरों से लेकर पूजा घाटों तक पारंपरिक रीति-रिवाजों की झलक दिखाई दी। बच्चों और युवाओं में भी पर्व को लेकर खास उत्साह रहा। स्थानीय लोगों की भागीदारी ने आयोजन को सामूहिक उत्सव का रूप दिया। छठ पूजा धार्मिक आस्था के साथ पूर्वांचल के लोगों की सांस्कृतिक पहचान को जीवित रखने और नई पीढ़ी तक पारिवारिक परंपराओं को पहुंचाने का माध्यम भी बनी हुई है।


Users Today : 27
Total Users : 4586252
Views Today : 36
Total views : 4610880


