
Education@NCRkhabar.com/Bhiwadi. मॉडर्न पब्लिक स्कूल, भिवाड़ी (Modern Public School) की दो प्रतिभाशाली छात्राओं, अहाना पाल और वंशिका नौटियाल ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की दसवीं कक्षा की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे राजस्थान में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया है। इन दोनों मेधावी छात्राओं ने 99.60% अंक हासिल कर न केवल अपने स्कूल बल्कि पूरे प्रदेश को गौरवान्वित किया है।
स्कूल के प्रधानाचार्य पी.के. साजू ने इस शानदार उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि विद्यालय का इस वर्ष का दसवीं का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा है। उन्होंने अहाना और वंशिका की लगन और मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। प्रधानाचार्य ने इस सफलता का श्रेय शिक्षकों के समर्पण, विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत और अभिभावकों के सहयोग को दिया। उन्होंने बताया कि स्कूल में आयोजित नियमित अतिरिक्त कक्षाएं, मॉक टेस्ट और व्यक्तिगत मार्गदर्शन सत्रों ने विद्यार्थियों को अपनी कमजोरियों पर काम करने और सर्वश्रेष्ठ परिणाम प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
दसवीं बोर्ड परीक्षा में अन्य उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों में चारवी यादव (99.20%), अनमोल बंसल (98.60%) शामिल हैं।
इसी क्रम में, बारहवीं कक्षा की परीक्षा में भी मॉडर्न पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। विज्ञान वर्ग में सृष्टि गुप्ता (92.40%), सौम्या शर्मा (92.20%), ईशा सिंह और प्रिशा प्रकाश (दोनों 91.60%) ने उत्कृष्ट अंक प्राप्त किए। वाणिज्य वर्ग में कनिष्क मित्तल (96.40%), सृष्टि अग्रवाल (93.60%), जसराज सिंह कोचर और गरिमा (दोनों 93.20%) ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कला वर्ग में भूमिका (96.60%), गौरी अनेजा (96.40%), अदिति कपासिया (96.20%) और परी जांगड़ा (95.60%) ने शानदार अंक हासिल कर स्कूल का नाम रोशन किया।
प्रधानाचार्य पी.के. साजू ने विद्यार्थियों की इस असाधारण सफलता को शिक्षा जगत में एक मिसाल बताया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि समर्पण, परिश्रम और आपसी सहयोग के महत्व को दर्शाती है और यह संदेश देती है कि इन गुणों के साथ किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। मॉडर्न पब्लिक स्कूल ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट शिक्षा गुणवत्ता और विद्यार्थियों की प्रतिभा का लोहा मनवाया है।



















Users Today : 26
Total Users : 153812
Views Today : 26
Views This Year : 70580
Total views : 243000



