झज्जर (Jhajjar) जिले के बपुनिया गांव में आपसी रंजिश में हुई थी मनोज की हत्या, 200 कैमरे खंगालकर पुलिस ने खोला राज, दो आरोपी गिरफ्तार

SHARE:

NCRkhabar@Bhiwadi/Khairthal.  हरियाणा (Haryana) के झज्जर जिले (Jhajjar)  में गत तीन मई को हुए एक सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर का पर्दाफाश करते हुए खैरथल तिजारा पुलिस (Khairthal-Tijara Police) ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आपसी रंजिश के चलते आरोपियों ने न केवल युवक की हत्या की, बल्कि उसकी पहचान छिपाने के लिए शव को जला दिया और एक हाथ भी काट डाला। पुलिस ने इस अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाने के लिए कड़ी मेहनत की और आसपास के लगभग 200 सीसीटीवी कैमरों को खंगालकर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
खैरथल तिजारा के पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार (IPS Manish Kumar SP Khairthal Tijara) ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि किशनगढ़बास थाना क्षेत्र के झिरण्डिया गांव के बाहरी इलाके में खेडला जाने वाली सड़क के पास रविंद्र जाट के खेत में एक अज्ञात व्यक्ति का नग्न, रासायनिक पदार्थ से आधा जला हुआ और एक हाथ कटा शव बरामद हुआ था। किशनगढ़बास पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए खैरथल तिजारा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतनलाल भार्गव और किशनगढ़बास के वृताधिकारी राजेन्द्र सिंह निर्वाण ने घटनास्थल का मुआयना किया। फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) टीम ने भी मौके पर पहुंचकर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। इसके साथ ही साइबर सेल और किशनगढ़ बास पुलिस थाने (Kishangarhbass Police Station) की संयुक्त टीम ने आसपास के लगभग 200 कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाला।
तकनीकी सहायता और लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम को एक संदिग्ध कार और मोटरसाइकिल का सुराग मिला, जिसका पीछा करते हुए वे हरियाणा के झज्जर जिले के बुपनिया थाना क्षेत्र तक पहुंचे। वहां जली हुई लाश की तस्वीरें दिखाकर पूछताछ की गई, जिसके बाद पता चला कि गत 4 मई को मनोज नामक एक व्यक्ति की गुमशुदगी दर्ज है। पुलिस ने तुरंत गुमशुदा मनोज के परिजनों से संपर्क किया, जिन्होंने शव की पहचान मनोज पुत्र ओम जाट, निवासी बुपनिया, थाना बादली, जिला झज्जर (हरियाणा) के रूप में की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दबिश देकर दो आरोपियों इन्द्रपाल उर्फ भोला पुत्र तिलकचन्द वर्मा  और शक्ति कुमार पुत्र धनीराम जाट निवासी बुपनिया थाना बादली जिला झज्जर को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मृतक मनोज और वे एक ही गांव के रहने वाले थे और उनकी पुरानी रंजिश थी। इसी रंजिश के चलते गत 3 मई की शाम को उन्होंने बुपनिया में ही मनोज की हत्या कर दी। इसके बाद शव को कार में डालकर और एक मोटरसाइकिल पर आगे-आगे चलकर पुलिस की निगरानी करते हुए झिरंडिया के एक सुनसान इलाके में फेंक दिया। मृतक की पहचान छिपाने के लिए उन्होंने शव पर पेट्रोल और केमिकल डालकर जला दिया और उसके दाहिने हाथ पर बने टैटू को मिटाने के लिए धारदार हथियार से हाथ भी काट दिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया है और उनसे गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस इस घटना में शामिल अन्य संभावित आरोपियों की तलाश भी कर रही है।
किशनगढ़बॉस थाना पुलिस की गिरफ्त में हत्या के आरोपी।

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 7 2 7 0
Users Today : 24
Total Users : 4572707
Views Today : 26
Total views : 4592225
Read More