
Business@ncrkhabar.com-Bhiwadi. भिवाड़ी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (BMA) की 43वीं वार्षिक आम सभा (एजीएम) सोमवार को उद्योग नगरी भिवाड़ी में बड़ी धूमधाम के साथ सम्पन्न हुई। इस अवसर पर निर्वाचन अधिकारी अनिल अग्रवाल ने नए पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। वर्ष 2025-27 के लिए अध्यक्ष पद की कमान चौधरी जसबीर सिंह को सौंपी गई, जबकि जी.एल. स्वामी महासचिव, योगेश जैन सचिव और नरेश कुमार गोयल कोषाध्यक्ष बने।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत
शपथ ग्रहण के बाद नए पदाधिकारियों का फूलमालाओं से जोरदार स्वागत किया गया। बीएमए अध्यक्ष चौधरी जसबीर सिंह ने पदभार ग्रहण करने के बाद कहा कि आने वाला समय उद्योग जगत के लिए समृद्धि और खुशहाली लेकर आएगा। उन्होंने सभी सदस्यों का आभार जताते हुए कहा कि उनके सहयोग और विश्वास से ही संस्था आगे बढ़ी है और भविष्य में भी उद्योग जगत के हितों के लिए पूरी निष्ठा से काम किया जाएगा।
वार्षिक रिपोर्ट और संशोधन को मिली मंजूरी
मानद सचिव जी.एल. स्वामी ने 27 सितंबर 2024 को हुई पिछली एजीएम का कार्यवृत्त अनुमोदन हेतु प्रस्तुत किया। बैठक में वर्ष 2023-24 की वार्षिक रिपोर्ट, आय-व्यय का विवरण और बैलेंस शीट को मंजूरी दी गई। साथ ही, वर्ष 2025-26 के लिए लेखा परीक्षकों की नियुक्ति की गई और बीएमए विधान में प्रस्तावित संशोधनों को भी सर्वसम्मति से स्वीकृति दी गई।
अतिथियों का माल्यार्पण कर किया सम्मान
सभा में राजस्थान सरकार के वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री संजय शर्मा और तिजारा विधायक महंत बालक नाथ योगी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। बीएमए अध्यक्ष चौधरी जसबीर सिंह और पूर्व अध्यक्ष सुरेंद्र चौहान ने दोनों अतिथियों का पुष्पगुच्छ व शॉल भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद उद्योगपतियों ने भी उनका फूलमालाओं से अभिनंदन किया।
आमसभा में उद्योग जगत की रही मौजूदगी
इस अवसर पर मानद संयुक्त कोषाध्यक्ष गोविंद प्रसाद गुप्ता, उपाध्यक्ष राजवीर सिंह, गोविंद चांदना, अनुपम शुक्ला, अरुण त्यागी, राजेंद्र सिंह, रणधीर सिंह, नितिन गोयल सहित बड़ी संख्या में उद्योगपति और एसोसिएशन के सदस्य उपस्थित रहे। सभा में उद्योगों की चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श हुआ।


Users Today : 99
Total Users : 4563213
Views Today : 114
Total views : 4579504



