
crime@ncrkhabar.com-khairthal/Bhiwadi. खैरथल थाना पुलिस (Khairthal Police Station) ने साइबर अपराधियों को म्यूल अकाउंट उपलब्ध कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह कमीशन के बदले सैकड़ों चालू और बचत खाते साइबर ठगों को बेचकर करोड़ों रुपये की ऑनलाइन ठगी (Cyber Fraud) को अंजाम दे रहा था। पुलिस ने आरोपियों से साइबर ठगी की कमाई से खरीदी गई भारी-भरकम संपत्ति भी जब्त की है।
बरामद हुई करोड़ों की संपत्ति
गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस ने दो डम्पर के चेचिस घोड़े, एक ट्रैक्टर मय पानी टैंकर, एक कार, एक मोटरसाइकिल और एक आईफोन 16 बरामद किया है। यह सभी संपत्तियां साइबर ठगी से अर्जित अवैध पैसों से खरीदी गई थीं।
ऐसे खुला गिरोह का राज़
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने बताया कि जिले में ऑनलाइन ठगी, सेक्सटॉर्शन, ओएलएक्स धोखाधड़ी और अन्य साइबर अपराधों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान साइबर सेल को एक बैंक खाता संदिग्ध मिला, जिस पर चार अलग-अलग साइबर फ्रॉड की शिकायतें दर्ज थीं। खाते में करोड़ों रुपये का लेन-देन हुआ था और इसका उपयोग सेक्सटॉर्शन समेत कई ऑनलाइन ठगी मामलों में किया गया। जांच के दौरान खाते के मालिक संदीप कुमार निवासी दिलावरपुर थाना विजय मंदिर, जिला अलवर से पूछताछ की गई। उसने बताया कि फरीद निवासी चांदोली भोले-भाले लोगों को कमीशन का लालच देकर उनके नाम से बैंक खाते खुलवाता और उन्हें साइबर अपराधियों को ऊंचे दाम पर बेच देता था।
संगठित गिरोह कर रहा था काम
पुलिस जांच में सामने आया कि फरीद और उसके साथियों ने संगठित गिरोह बनाकर सैकड़ों फर्जी खाते खोले और उन्हें साइबर ठगों को बेच दिया। इन खातों के जरिए ऑनलाइन ठग बैटिंग, गेमिंग, सेक्सटॉर्शन और अन्य धोखाधड़ी के जरिए करोड़ों रुपये ऐंठते थे। खाते फ्रीज होने से पहले ही आरोपी रकम गायब कर देते थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।


Users Today : 99
Total Users : 4563213
Views Today : 114
Total views : 4579504



