

Crime@ncrkhabar.com-Shahjhanpur. कोटपूतली-बहरोड़ जिले के शाहजहांपुर थाना पुलिस ने बलिया (UP) के भाजपा नेता अशोक कुमार सिंह और उनके सहयोगी विकास सिंह की हत्या मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए सात और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में हिमांशु जांगिड़ निवासी मेघपुर, पवन निवासी पचेरी कलां झुंझुनु, चन्द्रप्रकाश, मनोज और जतिन निवासी नायसराना (कोटपूतली-बहरोड़), रोहित यादव निवासी सिलारपुर तथा शिशुपाल उर्फ शिवा पुत्र राजेश कुमार निवासी रूपपुर, औरेया (यूपी) शामिल हैं।
पांच दिन के रिमांड पर हैं आरोपी
गिरफ्तार सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर सौंपा गया। फिलहाल आरोपियों को पांच दिन के रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने मृतक अशोक सिंह के बैंक खातों से लगभग सात लाख रुपये की नकदी निकाली और ऑनलाइन शॉपिंग भी की। इनके कब्जे से 40 एटीएम कार्ड, 12 चेकबुक, पांच पासबुक, नौ एंड्रॉइड मोबाइल फोन और एक थार गाड़ी बरामद हुई है।
पचास प्रतिशत कमीशन पर खाते उपलब्ध करवाते थे
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे भोले-भाले लोगों को बहला-फुसलाकर उनसे बैंक खाते खुलवाते थे। बदले में खाता धारक को लेन-देन पर पचास प्रतिशत कमीशन देते थे। इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी, फर्जी लेन-देन और हवाला जैसी गतिविधियों में होता था। ठगी से मिली रकम का बड़ा हिस्सा आरोपी ऐशो आराम और मौज-मस्ती में उड़ाते थे।
इस तरह हुआ वारदात का खुलासा
पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार बिश्नोई के निर्देशन में गठित विशेष टीमों ने मृतक के बैंक खातों की गहन जांच की। जांच से सामने आया कि 20 से 22 सितंबर के बीच आरोपियों ने ब्लिंकिट, सीबीडीसी यूपीआई और पीओएस माध्यमों से सात लाख रुपये की निकासी और ऑनलाइन खरीदारी की थी।
आरोपियों को पकड़ने में पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
भाजपा नेता व सहयोगी की हत्या के आरोपियों को पकड़ने के लिए शाहजहांपुर एसएचओ मनोहर लाल मीणा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सराहनीय कार्य करते हुए आरोपियों को पकड़कर सलाखों के पीछे पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है। पुलिस टीम में एसएचओ मनोहर लाल मीणा क अलावा एएसआई अमित कुमार, हेड कांस्टेबल राकेश कुमार, दयानन्द, सत्यवीर सिंह, साइबर सेल हेड कांस्टेबल संदीप कुमार, कांस्टेबल हरिओम और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
-गिरफ्तार अभियुक्त साइबर फ्रॉड के लिए किराये पर बैंक खाते लेकर उन्हें म्यूल अकाउंट की तरह इस्तेमाल करते थे। इन खातों पर पहले से ही 31 साइबर शिकायतें दर्ज हैं, जिनमें एक करोड़ रुपये से अधिक का लेन-देन हुआ है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, जिससे और वारदातों का खुलासा होने की संभावना है।
– मनोहर लाल मीणा, एसएचओ शाहजहांपुर


Users Today : 189
Total Users : 4575939
Views Today : 234
Total views : 4596801



