

Education@ncrkhabar.com-Bhiwadi. मॉडर्न पब्लिक स्कूल भिवाड़ी में उत्साह और उमंग के बीच वार्षिक उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई, जिसके बाद छात्रों ने मंच पर ऐसी शानदार प्रस्तुतियाँ दीं, जिसने पूरे वातावरण को ऊर्जा और उत्साह से भर दिया। वार्षिक उत्सव में बच्चों ने अपनी रचनात्मकता, प्रतिभा और आत्मविश्वास का ऐसा अनोखा संगम प्रस्तुत किया कि उपस्थित सभी लोग मंत्रमुग्ध हो उठे। अलग–अलग कक्षाओं के छात्रों ने शिक्षा, शौर्य और संवेदनाओं पर आधारित प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को यादगार बना दिया। वार्षिक उत्सव में इस वर्ष का मुख्य आकर्षण कक्षा 3 और 4 के छात्रों द्वारा प्रस्तुत विषय “शौर्य से शिखर तक” रहा। बच्चों ने साहस, राष्ट्रभक्ति और चरित्र निर्माण जैसे मूल्यों को नृत्य, गीत और नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से दर्शाया। उनकी परफॉर्मेंस ने दर्शकों के बीच जोश और गर्व की भावना भर दी।
वहीं कक्षा 5 के छात्रों ने “3H शिक्षा – सोच, संवेदना और सृजन” विषय पर अपनी रचनात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया। बच्चों ने शिक्षा के तीन महत्वपूर्ण स्तंभ—Head (सोच), Heart (संवेदना) और Hand (सृजन)—को आकर्षक प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत किया। उनकी प्रस्तुति ने न केवल तालियों की गड़गड़ाहट बटोरी बल्कि शिक्षा के वास्तविक उद्देश्य को भी उजागर किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर ताप्ती चटर्जी मैडम ने बच्चों को संबोधित करते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मौलिक शिक्षा ही जीवन में आगे बढ़ने और बेहतर इंसान बनने की नींव है। वहीं प्रधानाचार्य पी. के. साजू ने विद्यालय में संचालित नवाचारपूर्ण गतिविधियों का उल्लेख करते हुए छात्रों को अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया।
हेडमिस्ट्रेस मैडम जसवंत कौर सिक्का ने भी बच्चों को निरंतर प्रगति की राह पर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया और उनकी मेहनत की सराहना की। इस अवसर पर बच्चों के ग्रैंडपेरेंट्स भी उपस्थित रहे, जिन्होंने अपने नन्हे-मुन्नों की प्रतिभा देखकर गर्व और खुशी महसूस की। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक नृत्य, देशभक्ति गीत, नाट्य रूपांतरण सहित कई रंगारंग प्रस्तुतियों में भाग लेकर अपनी रचनात्मकता और कौशल का प्रदर्शन किया। पूरे समारोह के दौरान आनंद, तालियों की गूंज और उत्सव का माहौल बना रहा।




Users Today : 106
Total Users : 4563220
Views Today : 122
Total views : 4579512



