राजस्थान में घरेलू रसोई गैस की पर्याप्त उपलब्धता, उपभोक्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं: शासन सचिव अम्बरीष कुमार

SHARE:

ncrkhabar@Jaipur.राजस्थान में घरेलू उपभोक्ताओं के लिए रसोई गैस (एलपीजी) की पर्याप्त उपलब्धता है और गैस की कमी को लेकर किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के शासन सचिव अम्बरीष कुमार ने बुधवार को सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने सभी जिलों के जिला रसद अधिकारियों को निर्देश दिए कि घरेलू उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की सुचारु और समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा के लिए आयोजित इस बैठक में सभी जिलों के जिला रसद अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। बैठक में शासन सचिव ने कहा कि प्रदेश के किसी भी क्षेत्र में गैस सिलेंडर की आपूर्ति बाधित नहीं होनी चाहिए। आम उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है, इसलिए वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी रखी जाए।

उन्होंने बताया कि तेल एवं गैस कंपनियों के साथ लगातार समन्वय बनाकर प्रदेश में पर्याप्त मात्रा में एलपीजी सिलेंडरों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। इससे घरेलू उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। साथ ही गैस एजेंसियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे समय पर सिलेंडरों की डिलीवरी सुनिश्चित करें और उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित समाधान करें। अम्बरीष कुमार ने विशेष रूप से अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों और अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े संस्थानों में गैस सिलेंडरों की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इन संस्थानों में गैस की आपूर्ति किसी भी परिस्थिति में प्रभावित नहीं होनी चाहिए। यदि कहीं से गैस सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर शिकायत मिलती है तो संबंधित जिला रसद अधिकारी तुरंत हस्तक्षेप कर समाधान सुनिश्चित करें। बैठक में अतिरिक्त खाद्य आयुक्त पूनम सागर सहित खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। साथ ही विभिन्न तेल एवं गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भी बैठक में भाग लेकर राज्य में गैस सिलेंडरों की आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने पर चर्चा की।

 

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 6 3 2 4
Users Today : 132
Total Users : 4563246
Views Today : 156
Total views : 4579546
Read More