राजस्थान दिवस 2026: खैरथल-तिजारा जिले में 15 से 19 मार्च तक होंगे विविध कार्यक्रम, एडीसी ने तैयारियों की समीक्षा की

SHARE:

ncrkhabar@Khairthal-Tijara.राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में खैरथल-तिजारा जिले में 15 से 19 मार्च तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट ने मंगलवार को जिला सचिवालय खैरथल-तिजारा में अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्थान दिवस समारोह को आमजन की भागीदारी के साथ भव्य रूप में मनाया जाए।

बैठक में बताया गया कि समारोह का शुभारंभ 15 मार्च को ‘राजस्थान को जाने’ क्विज प्रतियोगिता से होगा। इसके साथ ही विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में निबंध, भाषण और चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। जिला स्तरीय ओडीओपी (वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट) मेला और प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी। इसी दिन विकसित राजस्थान रन का आयोजन कर युवाओं को विकास और प्रदेश गौरव से जोड़ा जाएगा।

16 मार्च को राजस्थान जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर बांसवाड़ा के बेणेश्वर धाम में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का जिला स्तर पर लाइव प्रसारण किया जाएगा। कार्यक्रम में जनसभा, विकास कार्यों का शिलान्यास और जनजातीय कला एवं हस्तशिल्प प्रदर्शनी भी होगी।

17 मार्च को राजस्थान युवा शक्ति दिवस के रूप में मनाया जाएगा। जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय युवा सम्मेलन में रोजगार मेले और विकास कार्यों का शिलान्यास होगा। जिले में भी ‘राजस्थान को जाने’ क्विज प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। शाम 5 बजे उद्योग विभाग की ओर से उद्योगपतियों के साथ संवाद कार्यक्रम और निजी क्षेत्र में रोजगार के लिए नियुक्ति पत्र वितरण किया जाएगा।

18 मार्च को जिलेभर के देवस्थान विभाग के मंदिरों में जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में आरती और पूजा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी दिन किसान एवं पशुपालक समृद्धि दिवस भी मनाया जाएगा, जिसके तहत भरतपुर में आयोजित कार्यक्रम का लाइव प्रसारण जिला स्तर पर किया जाएगा।

19 मार्च को राजस्थान दिवस का मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा। लक्ष्मी नारायण मंदिर परिसर में कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से राज्य स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। एडीसी शिवपाल जाट ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रमों को भव्य और यादगार बनाया जाए, ताकि युवाओं को प्रदेश की समृद्ध लोकसंस्कृति, लोकसंगीत और नृत्य परंपरा से परिचित कराया जा सके।

बैठक में कोषाधिकारी सुरेश कुमार बंसल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरविंद गेट, संयुक्त निदेशक सूचना प्रौद्योगिकी विभाग वीरेंद्र त्यागी, नगर परिषद आयुक्त मुकेश शर्मा सहित पुलिस, राजीविका, कृषि, वन और शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

जिला सचिवालय खैरथल-तिजारा में राजस्थान दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर अधिकारियों की बैठक लेते अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट।

Leave a Comment