खैरथल-तिजारा में गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं: जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने की अफवाहों से बचने की अपील

SHARE:

ncrkhabar@Khairthal-Tijara.जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि जिले में गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। जिला कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें और घबराहट में अनावश्यक बुकिंग करने से बचें। जिला कलक्टर ने बताया कि जिले में पहले की तरह नियमित रूप से घरेलू गैस सिलेंडरों की सप्लाई की जा रही है। सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे निर्धारित समय के अनुसार उपभोक्ताओं को सिलेंडर उपलब्ध कराएं, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

जिला रसद अधिकारी राकेश सोनी ने बताया कि वर्तमान में जिले में गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और सप्लाई भी लगातार सुचारू रूप से जारी है। गैस कंपनियों और एजेंसियों के माध्यम से नियमित रूप से सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने कहा कि कुछ स्थानों पर सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से गैस की कमी को लेकर भ्रामक जानकारी फैलने के कारण लोगों में अनावश्यक चिंता देखी जा रही है, जबकि वास्तविक स्थिति यह है कि जिले में घरेलू गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है।

जिला कलक्टर ने आमजन से अपील की है कि वे जरूरत के अनुसार ही गैस सिलेंडर बुक करें और अतिरिक्त सिलेंडर जमा करने से बचें। यदि किसी उपभोक्ता को गैस वितरण से जुड़ी कोई समस्या आती है तो वह संबंधित गैस एजेंसी या जिला प्रशासन को इसकी जानकारी दे सकता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की उपलब्धता पर्याप्त है और आपूर्ति पहले की तरह नियमित रूप से जारी रहेगी, इसलिए नागरिकों को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।

 

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 7 2 7 0
Users Today : 21
Total Users : 4572704
Views Today : 23
Total views : 4592222
Read More