

Ncrkhabar@Bhiwadi.औद्योगिक नगरी भिवाड़ी में 79वां स्वतंत्रता दिवस शुक्रवार को हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। पुलिस लाईन में आयोजित मुख्य पुलिस समारोह में पुलिस अधीक्षक (SP) बृजेश उपाध्याय ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान की गूंज से पूरा परिसर देशभक्ति के जज्बे से सराबोर हो गया। समारोह में मौजूद पुलिस अधिकारियों और जवानों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इस अवसर पर पुलिसकर्मियों ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के साथ अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभाने का संकल्प लिया।
स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को किया याद
समारोह को संबोधित करते हुए एसपी बृजेश उपाध्याय ने जिलेवासियों और पुलिसकर्मियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज देशवासी जिस स्वतंत्र भारत में अपने अधिकारों और कर्तव्यों का पालन करते हुए जीवन जी रहे हैं, वह स्वतंत्रता सेनानियों के अदम्य साहस, त्याग और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश के लिए किए गए बलिदानों को याद करने के साथ राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने की प्रेरणा देता है।
कानून-व्यवस्था और नागरिक सुरक्षा को बताया प्राथमिकता
एसपी ने पुलिसकर्मियों और नागरिकों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज में कानून-व्यवस्था बनाए रखना, आपसी शांति और भाईचारे को बढ़ावा देना तथा नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की प्रमुख जिम्मेदारी है। उन्होंने पुलिस जवानों से पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संदेश दिया। एसपी ने कहा कि राष्ट्रीय पर्व हम सभी को देश के प्रति समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और जिम्मेदारी का नया संकल्प लेने की प्रेरणा देता है।



Users Today : 244
Total Users : 4584302
Views Today : 321
Total views : 4608437



