Khairthal-Tijara News: पंचायत चुनाव में वाहनों की व्यवस्था में लापरवाही, मोटर वाहन निरीक्षक मनोज सिंघल को मिला चार्जशीट; पांच कर्मचारी निलंबित

SHARE:

ncrkhabar@Khairthal-Tijara.पंचायती राज चुनाव में मतदान दलों की रवानगी के दौरान वाहनों और बसों की समुचित व्यवस्था नहीं करने पर जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल प्रकाश ने मोटर वाहन निरीक्षक मनोज कुमार सिंघल के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। उन्हें राजस्थान सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1958 के नियम-17 के तहत 17 सीसीए की चार्जशीट जारी की गई है। वहीं, निर्वाचन कार्य में बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर पांच कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। इसके अलावा समय पर रवानगी स्थल पर नहीं पहुंचने वाले तीन जोनल मजिस्ट्रेट को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।

जिला परिवहन अधिकारी कार्यालय भिवाड़ी में कार्यरत मोटर वाहन निरीक्षक मनोज कुमार सिंघल को पंचायती राज चुनाव के सुचारू संचालन के लिए वाहन प्रकोष्ठ का प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया था। उन्हें निर्वाचन कार्य के लिए आवश्यक वाहनों और बसों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई थी।जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से जारी आरोप पत्र के अनुसार मतदान दलों की रवानगी के दौरान वाहन प्रकोष्ठ प्रभारी के रूप में मनोज कुमार सिंघल ने अपने दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही और उदासीनता बरती। इसे राजकार्य के प्रति लापरवाही एवं अनुशासनहीनता मानते हुए उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है।

मतदान दलों की रवानगी में अनुपस्थित पांच कर्मचारी निलंबित

निर्वाचन कार्य में बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित रहने पर पांच कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। इनमें सत्यवीर सिंह, व्याख्याता, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बघेरीखुर्द, कोटकासिम; जितेंद्र सिंह मीना, पंप ऑपरेटर ग्रेड-2, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, खैरथल; नरेश, विद्यालय सहायक, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जोड़ियामेव, तिजारा; राजाराम यादव, कृषि पर्यवेक्षक, कृषि विभाग, किशनगढ़बास तथा कृष्ण कुमार स्वामी, पशुधन निरीक्षक, पशुपालन विभाग, खैरथल शामिल हैं। ये सभी कर्मचारी मतदान दलों की रवानगी के दौरान बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित पाए गए थे। निलंबन अवधि में इन सभी का मुख्यालय जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय स्थित नियंत्रण कक्ष निर्धारित किया गया है।

तीन जोनल मजिस्ट्रेट को कारण बताओ नोटिस

पंचायत समिति किशनगढ़बास के लिए नियुक्त तीन जोनल मजिस्ट्रेट को भी निर्धारित समय पर मतदान दलों की रवानगी स्थल पर उपस्थित नहीं होने के कारण कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। इनमें दीपक कुमार, सहआचार्य, राजकीय महाविद्यालय खैरथल; शक्ति सिंह, सहायक अभियंता, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, किशनगढ़बास तथा अनिल कुमार, सहायक अभियंता, सार्वजनिक निर्माण विभाग, किशनगढ़बास शामिल हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल प्रकाश ने स्पष्ट किया कि पंचायती राज चुनाव जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी नियुक्त अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी, गंभीरता और समयबद्धता के साथ निर्वाचन संबंधी दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं। भविष्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कार्मिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 8 3 6 2
Users Today : 17
Total Users : 4583620
Views Today : 17
Total views : 4607481
Read More