भिवाड़ी नगर परिषद चुनाव: कांग्रेस ने 28 वार्डों में उतारे प्रत्याशी, जलभराव और भ्रष्टाचार को बनाया चुनावी मुद्दा

SHARE:

Ncrkhabar@Bhiwadi.नगर परिषद भिवाड़ी चुनाव 2026 को लेकर कांग्रेस ने 28 वार्डों के प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। शनिवार को भिवाड़ी के एक होटल में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में चुनाव प्रभारी विजेंद्र सिंह महलावत, पूर्व विधायक संदीप यादव और तिजारा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी रहे इमरान खान की मौजूदगी में प्रत्याशियों की घोषणा की गई। इस दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष गौरव शर्मा सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

राजस्थान के नगरीय निकाय चुनावों में नामांकन प्रक्रिया 27 अगस्त से शुरू हुई है और भिवाड़ी नगर परिषद भी चुनावी प्रक्रिया में शामिल है। कांग्रेस की ओर से प्रत्याशियों की घोषणा के बाद भिवाड़ी में चुनावी सरगर्मियां और तेज हो गई हैं।

सर्वे के बाद सर्वसम्मति से तय किए प्रत्याशी

चुनाव प्रभारी विजेंद्र सिंह महलावत ने कहा कि प्रत्याशियों के चयन से पहले सभी संबंधित वार्डों में सर्वे करवाया गया था। सर्वे के दौरान स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया गया। इसके बाद पार्टी स्तर पर विचार-विमर्श कर सर्वसम्मति से 28 प्रत्याशियों की सूची जारी की गई है।

उन्होंने कहा कि पार्टी प्रत्याशियों के साथ पूरी मजबूती से चुनाव मैदान में उतरेगी और सभी वार्डों में संगठन को सक्रिय किया जाएगा।

60 वार्डों को चार हिस्सों में बांटकर नेताओं को मिलेगी जिम्मेदारी

कांग्रेस नेता इमरान खान ने कहा कि कांग्रेस पार्टी भिवाड़ी में मजबूत स्थिति में है और नगर परिषद चुनाव मजबूती से लड़ेगी। उन्होंने कहा कि 60 वार्डों को चार भागों में बांटकर पार्टी के नेताओं को जिम्मेदारी दी जाएगी। इसके माध्यम से प्रत्येक वार्ड में संगठन और कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर चुनाव अभियान चलाया जाएगा।

इमरान खान ने कहा कि भिवाड़ी में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। जलभराव, कानून व्यवस्था और अतिक्रमण सहित कई स्थानीय मुद्दों को लेकर कांग्रेस जनता के बीच जाएगी।

उन्होंने कहा कि केंद्र के साथ राजस्थान और हरियाणा में भाजपा की सरकार होने के बावजूद भिवाड़ी की जनता जलभराव की समस्या से जूझ रही है। बारिश के दौरान शहर के कई हिस्सों में पानी भरने से लोगों को परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों को लेकर कांग्रेस चुनाव मैदान में उतरेगी।

कांग्रेस के 28 प्रत्याशी

कांग्रेस की ओर से जारी सूची के अनुसार वार्ड एक से रितु, वार्ड दो से अवतार सिंह, वार्ड तीन से शोभा, वार्ड चार से भूमिका थापन, वार्ड पांच से निशा यादव, वार्ड छह से पवन कुमार, वार्ड नौ से अशोक कुमार, वार्ड 11 से कविता, वार्ड 14 से मोहिनी, वार्ड 21 से संत्रा देवी, वार्ड 28 से सीमा देवी, वार्ड 31 से दीपांशु शर्मा, वार्ड 34 से सीमा देवी, वार्ड 35 से ओमबीर, वार्ड 36 से खेमचंद, वार्ड 37 से इंद्रपाल सिंह तंवर, वार्ड 38 से किरण तंवर, वार्ड 39 से दिनेश भिड़ूड़ी, वार्ड 43 से राहुल भिड़ूड़ी, वार्ड 44 से मुकेश भिड़ूड़ी, वार्ड 46 से तेजप्रताप, वार्ड 49 से उमर मोहम्मद, वार्ड 51 से ललिता देवी, वार्ड 52 से संजीदा, वार्ड 54 से तैयब हुसैन, वार्ड 58 से श्यामचंद, वार्ड 59 से कविता और वार्ड 60 से पवन कुमार को प्रत्याशी बनाया गया है।

28 प्रत्याशियों की घोषणा के साथ ही कांग्रेस ने चुनाव प्रचार की तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रत्याशी अपने-अपने वार्डों में जनसंपर्क अभियान शुरू करेंगे। वहीं, पार्टी नेताओं की ओर से वार्डों में जिम्मेदारियां तय कर संगठन को चुनावी मोड में लाने की तैयारी की जा रही है।

भिवाड़ी के होटल में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में नगर परिषद चुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशियों की सूची जारी करते चुनाव प्रभारी विजेंद्र सिंह महलावत, पूर्व विधायक संदीप यादव व कांग्रेस नेता इमरान खान। साथ में शहर कांग्रेस अध्यक्ष गौरव शर्मा व अन्य पदाधिकारी।

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 7 2 6 9
Users Today : 15
Total Users : 4572698
Views Today : 16
Total views : 4592215
Read More