
ncrkhabar@Bhiwadi.जिला कलक्टर अतुल प्रकाश ने भिवाड़ी में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) एवं कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (सीईटीपी) का निरीक्षण किया। उन्होंने प्लांट की कार्यप्रणाली, अपशिष्ट एवं सीवेज के उपचार की प्रक्रिया और उपचारित पानी की गुणवत्ता का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने प्लांट में आने वाले सीवेज एवं औद्योगिक अपशिष्ट के उपचार की प्रक्रिया को विभिन्न चरणों में समझा। उन्होंने अधिकारियों से प्लांट की क्षमता, प्रतिदिन उपचारित किए जा रहे पानी की मात्रा तथा उपचारित पानी की गुणवत्ता से संबंधित रिपोर्ट की जानकारी ली।
जिला कलक्टर ने उपचारित पानी में टीडीएस सहित अन्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों की जांच की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपचारित पानी हर स्थिति में निर्धारित मानकों के अनुरूप रहे। इसके लिए सभी आवश्यक गुणवत्ता पैरामीटर की नियमित जांच करने और जांच रिपोर्ट का रिकॉर्ड व्यवस्थित रूप से संधारित करने को कहा।
उन्होंने एसटीपी एवं सीईटीपी का सुचारू और प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मशीनरी एवं उपकरणों के नियमित रखरखाव तथा प्लांट में आने वाले अपशिष्ट के उपचार की प्रक्रिया की लगातार निगरानी करने को कहा। जिला कलक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि उपचारित पानी की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की कमी सामने आने पर तत्काल आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की जाए। उन्होंने प्लांट संचालन में लापरवाही नहीं बरतने और पर्यावरणीय मानकों का प्रभावी रूप से पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी बीड़ा गिरधर बेनीवाल, विशेष अधिकारी कार्यालय जिला निर्वाचन अधिकारी ऐश्वर्यम प्रजापत, क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण मंडल अमित जुयाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Users Today : 12
Total Users : 4572695
Views Today : 13
Total views : 4592212


