

ncrkhabar@Bhiwadi.भिवाड़ी नगर परिषद चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को नीलम चौक स्थित एक निजी होटल में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन एवं चुनावी सभा का आयोजन किया गया। सभा में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए और कार्यकर्ताओं से नगर परिषद चुनाव में पार्टी की जीत के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री भंवर जितेन्द्र सिंह, राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, मुंडावर विधायक एवं खैरथल-तिजारा चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष ललित यादव, पूर्व विधायक संदीप यादव तथा कांग्रेस नेता इमरान खान सहित कई वरिष्ठ नेता मंच पर मौजूद रहे।

35 से ज्यादा वार्डों में जीत का दावा
कांग्रेस नेता इमरान खान ने भिवाड़ी नगर परिषद चुनाव में पार्टी की बड़ी जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस बार पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरी है और पार्टी 35 से अधिक सीटों पर सीधे जीत दर्ज करेगी। उन्होंने बताया कि इसके अलावा करीब 6 से 7 वार्डों में कांग्रेस समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी भी मजबूती से चुनाव लड़ रहे हैं। इन प्रत्याशियों को कांग्रेस का समर्थन हासिल है। इमरान खान ने कार्यकर्ताओं से सभी वार्डों में सक्रिय होकर पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने की अपील की।
जलभराव को लेकर भाजपा पर हमला

भिवाड़ी में बारिश के बाद बने जलभराव को लेकर इमरान खान ने भाजपा और स्थानीय प्रशासन पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय पूरा भिवाड़ी जलभराव की समस्या से जूझ रहा है। इमरान खान ने कहा, “चुनाव के इस वक्त पूरी भिवाड़ी पानी में डूबी हुई है। ऊपर वाला भी यह संदेश दे रहा है कि झूठ और फरेब से चुनाव जीतने वाले नेताओं को इस बार पानी में डुबो दो।” उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करने और कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान की अपील की।
कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर चुनाव लड़ने का संदेश
कांग्रेस की ओर से वर्तमान एवं पूर्व वार्ड पार्षदों, जिला परिषद सदस्यों, पंचायत समिति सदस्यों, पूर्व जनप्रतिनिधियों, कांग्रेस समर्थित सरपंचों और वरिष्ठ कांग्रेसजनों से आगामी चुनावी कार्यक्रमों एवं सभाओं में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया गया। कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करते हुए नगर परिषद चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए बूथ स्तर तक सक्रिय रहने का संदेश दिया। भिवाड़ी नगर परिषद चुनाव में कांग्रेस के 35 से अधिक सीटें जीतने के दावे के बाद अब मुकाबला और दिलचस्प होने की उम्मीद है।



Users Today : 8
Total Users : 4572743
Views Today : 11
Total views : 4592294


