Bhiwadi Education News : संत जेवियर्स स्कूल में धूमधाम से मनाया दीपावली उत्सव, बच्चों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन

SHARE:

ncrkhabar@Bhiwadi. संत जेवियर्स स्कूल, भिवाड़ी में दीपावली का पर्व हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। नन्हे बच्चों के मनमोहक नृत्य और कक्षा छह के विद्यार्थियों के डांस ड्रामा ने समारोह में आकर्षण बढ़ाया। कार्यक्रम के दौरान सभी ने प्रेम, सद्भाव और पर्यावरण संरक्षण के साथ दीपावली मनाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के फादर्स एवं सिस्टर्स द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद शिक्षकों, कार्यालय कर्मचारियों और सहयोगी स्टाफ ने दीप जलाए। दीपों की रोशनी से पूरा विद्यालय परिसर जगमगा उठा। ममता सिंह और नीतू शर्मा के निर्देशन में बालवाटिका के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुति को उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। वहीं, श्रीमती मेनका शर्मा ने अपने प्रेरक संबोधन में दीपावली के वास्तविक महत्व को समझाते हुए अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने और बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को भगवान श्रीराम के आदर्शों पर चलने की प्रेरणा भी दी।

रेणु शर्मा के मार्गदर्शन में कक्षा छह के विद्यार्थियों ने शानदार दीवाली डांस ड्रामा प्रस्तुत किया। इस प्रस्तुति पर दर्शकों ने तालियों के साथ विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

विद्यालय के प्रशासक फादर ज्ञान मुथु ने अपने दीपावली संदेश में सभी को प्रेम, सद्भाव, स्वच्छता और पर्यावरण के अनुकूल त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि दीपावली केवल पटाखों का त्योहार नहीं, बल्कि दिलों को रोशन करने का पर्व है।

कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के संगीत वर्ग ने मधुर भजन प्रस्तुत किया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ। विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर जुगल किंडो, एसजे ने सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों और स्टाफ को दीपावली की शुभकामनाएं दीं तथा आयोजन को सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन सलेहा खान, जिया शर्मा और शौर्य शर्मा ने किया।

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 8 8 1 1
Users Today : 44
Total Users : 4588113
Views Today : 45
Total views : 4613532
Read More