Bhiwadi Pollution: निर्माण पर रोक और ग्रेप-2 के प्रतिबंध भी बेअसर, भिवाड़ी का AQI 337 पर पहुंचा

SHARE:

सड़कों से उड़ती धूल और जगह-जगह लगे कचरे के ढेर बढ़ा रहे प्रदूषण, औद्योगिक क्षेत्र व गौरव पथ के पास सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल

ncrkhabar@Bhiwadi.औद्योगिक नगरी में वायु प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदूषण नियंत्रण के लिए निर्माण कार्यों पर रोक और ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रेप)-2 के प्रतिबंध लागू होने के बावजूद हवा की गुणवत्ता में सुधार नहीं हो रहा है। गुरुवार को भिवाड़ी का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 337 दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से शाम चार बजे जारी बुलेटिन के अनुसार औद्योगिक क्षेत्र स्थित एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन पर एक्यूआई 377 और वसुंधरा नगर स्थित स्टेशन पर 296 रहा। शहर की हवा बेहद खराब श्रेणी में पहुंचने से लोगों की परेशानी बढ़ रही है।

शहर में प्रदूषण के साथ सफाई व्यवस्था की स्थिति भी चिंता बढ़ा रही है। औद्योगिक क्षेत्र और गौरव पथ के पास सड़क किनारे गंदगी फैली हुई है और जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हैं। सड़कों से उड़ती धूल और खुले में पड़े कचरे के कारण प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों पर सवाल खड़े हो रहे हैं। गुरुवार को दिनभर आसमान में धुंध छाई रही। प्रदूषण के कारण लोगों को खुले में आवाजाही के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ा रहा है।

प्रतिबंध लागू, फिर भी प्रदूषण पर नियंत्रण नहीं

भिवाड़ी में पांच से 20 नवंबर तक निर्माण कार्यों पर रोक लगाई गई है। इसके अलावा ग्रेप-2 के तहत भी प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों पर कई प्रतिबंध लागू हैं। इसके बावजूद औसत एक्यूआई 337 तक पहुंचना इन उपायों की जमीनी स्तर पर पालना और निगरानी को लेकर सवाल खड़े करता है। सड़कों पर धूल नियंत्रण के लिए नियमित पानी का छिड़काव और सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करना जरूरी है।

पुराने वाहन भी बने चुनौती

शहर की सड़कों पर दस साल से अधिक पुराने वाहनों का संचालन भी प्रदूषण नियंत्रण के लिए चुनौती बना हुआ है। ऐसे वाहनों की जांच और निर्धारित नियमों की पालना सुनिश्चित करना जरूरी है। निर्माण कार्यों पर रोक के साथ सड़कों की सफाई, कचरे का नियमित उठाव, धूल नियंत्रण और वाहनों की जांच पर प्रभावी निगरानी की आवश्यकता है। सवाल यह है कि जब प्रदूषण नियंत्रण के लिए प्रतिबंध लागू हैं तो शहर की सड़कों और औद्योगिक क्षेत्रों में धूल व गंदगी पर प्रभावी कार्रवाई कब होगी?

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 8 4 2 3
Users Today : 181
Total Users : 4584239
Views Today : 227
Total views : 4608343
Read More