incrkhabar@Bhiwadi. औद्योगिक नगरी भिवाड़ी में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से निःशुल्क चिकित्सा जांच शिविर का आयोजन किया गया। बिजनौर वेलफेयर सोसायटी भिवाड़ी और गोपीनाथ हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में 106 लोगों की लिवर स्क्रीनिंग की गई। इसके साथ ही ईसीजी और ब्लड शुगर सहित अन्य स्वास्थ्य जांच की सुविधाएं भी निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं।
शिविर का शुभारंभ बिजनौर वेलफेयर सोसायटी के संरक्षक सुशील राजपूत एवं अन्य पदाधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। शिविर में लिवर विशेषज्ञ डॉ. कुलवंत यादव अपनी चिकित्सकीय टीम के साथ मौजूद रहे। वहीं गोपीनाथ हॉस्पिटल की एडमिनिस्ट्रेटिव टीम का नेतृत्व सूरज सिंह ने किया। इस दौरान सोसायटी के पदाधिकारियों ने चिकित्सकों की टीम का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया।
शिविर में लोगों को लिवर संबंधी बीमारियों की जांच के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और बीमारी के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने का संदेश दिया गया। आयोजकों ने कहा कि इस तरह के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों से आमजन को जांच सुविधाओं का लाभ मिलता है और समय रहते स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान करने में मदद मिलती है। इस अवसर पर बिजनौर वेलफेयर सोसायटी की उपाध्यक्ष भूमिका थापन, सचिव नरेंद्र सैनी, कोषाध्यक्ष दीपक अग्रवाल, अमर सिंह, यरेंद्र कुमार, संजीव कुमार, गौरव प्रताप सिंह, महेंद्र सिंह और जगमेंद्र सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


Users Today : 355
Total Users : 4588562
Views Today : 394
Total views : 4614033


