भिवाड़ी में महिला से सोने के जेवर चोरी करने वाला अंतरराज्यीय गिरोह गिरफ्तार, चार महिलाओं समेत छह आरोपी दबोचे

SHARE:

तीन राज्यों में 1200 किलोमीटर तक पीछा कर पुलिस ने पकड़ा, चोरी के सभी 10 नग जेवर बरामद

ncrkhabar@Bhiwadi.हाथ की सफाई दिखाकर टेम्पो में सफर कर रही महिला के बैग से करीब 20 लाख रुपये के सोने के जेवर चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह को भिवाड़ी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरोह में चार महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। खास बात यह है कि सभी आरोपी आपस में रिश्तेदार हैं। पुलिस ने छह दिन तक लगातार पीछा करने के बाद सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी किए गए सोने के सभी 10 नग जेवर बरामद कर लिए हैं। वारदात में इस्तेमाल मारुति फ्रोंक्स कार भी जब्त की गई है।

एसपी बृजेश उपाध्याय ने बताया कि 16 नवंबर को आरोपियों ने हेतराम चौक के निकट सब्जी मंडी के पास टेम्पो में सवार एक महिला के बैग से जेवर चोरी किए थे। महिला बैंक लॉकर में जेवर रखने के लिए जा रही थी। वारदात के बाद आरोपी कार से भिवाड़ी से निकलकर झुंझुनूं और चूरू होते हुए बीकानेर पहुंचे। इसके बाद मोबाइल फोन बंद कर लगातार अपने ठिकाने बदलते रहे।

150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तीन राज्यों में पीछा

वारदात का खुलासा करने के लिए पुलिस ने चार टीमें गठित कीं। टीमों ने करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साइबर सेल ने संदिग्ध वाहनों के नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने राजस्थान, हरियाणा और पंजाब में करीब 1200 किलोमीटर तक आरोपियों का पीछा किया। बीकानेर और श्रीगंगानगर पुलिस के सहयोग से सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

तीन घंटे तक की रेकी, फिर टेम्पो में दिया वारदात को अंजाम

 

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि गिरोह दोपहर करीब 12 बजे भिवाड़ी पहुंचा था। गिरोह की महिलाएं मेडिकल दुकान के सामने बैठकर इंतजार करती रहीं। इसके बाद चारों महिलाएं टेम्पो में पीड़िता के दोनों ओर सटकर बैठ गईं। मौका मिलते ही बैग की चेन खोलकर उसमें रखा छोटा पर्स निकाल लिया और किराया देकर उतर गईं। पीड़िता को घर पहुंचने पर चोरी का पता चला।

गिरोह की महिलाएं चोरी किए गए जेवर तुरंत दूसरी साथी को सौंप देती थीं, जबकि पुरुष साथी कार लेकर कुछ दूरी पर इंतजार करते थे। पूछताछ में सामने आया कि ईश्वर और बाला पति-पत्नी हैं, पूनम और पिंकी बाला की बहनें हैं, जबकि दीपक ईश्वर का भांजा है। एक आरोपी ने करीब दो महीने पहले दो लाख रुपये देकर फाइनेंस पर कार खरीदने और उसकी 17 हजार रुपये की मासिक किस्त चोरी के पैसों से भरने की बात भी बताई है।

 

ये छह आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने ईश्वर उर्फ बब्लू बावरिया (32) और उसकी पत्नी बाला बावरिया (30), निवासी शहादत नगर, झाल रोड, थाना कोसली, जिला रेवाड़ी (हरियाणा), दीपक बावरिया (19), निवासी मिर्जापुर, थाना शाहजहांपुर, जिला कोटपूतली-बहरोड़, पूनम बावरिया (25) और पिंकी बावरिया (24), मूल निवासी झोटवाड़ा, जयपुर तथा हाल निवासी मोती सिंह की ढाणी, थाना बानसूर, जिला कोटपूतली-बहरोड़ और रेखा उर्फ मुस्कान बावरिया (25), निवासी मोतीगढ़, थाना छत्तरगढ़, जिला बीकानेर को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने का एक हार, चार चूड़ियां, दो झुमके, एक नथ, एक टीका और एक अंगूठी सहित सभी 10 नग जेवर बरामद किए हैं। कार्रवाई में भिवाड़ी फेज थर्ड थाना पुलिस, सीओ सर्किल टीम और साइबर सेल के 12 पुलिसकर्मी शामिल रहे। हेड कांस्टेबल बिरेन्द्र और साइबर सेल प्रभारी कांस्टेबल रजत शर्मा का विशेष योगदान रहा। एसपी ने कार्रवाई में शामिल सभी 12 पुलिसकर्मियों को नकद पुरस्कार और प्रशंसा पत्र देने की घोषणा की है।

 

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 8 7 3 7
Users Today : 199
Total Users : 4587375
Views Today : 289
Total views : 4612418
Read More