MS Dhoni Retirement : एमएस धोनी ने IPL को कहा अलविदा, अब CSK के मेंटर की संभालेंगे जिम्मेदारी

SHARE:

 

NCR Khabar Sports Desk @ New Delhi. भारतीय क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को पांच बार आईपीएल चैंपियन बनाने वाले महेंद्र सिंह धोनी ने खिलाड़ी के तौर पर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) को अलविदा कह दिया है। हालांकि, क्रिकेट से उनका नाता बना रहेगा। चेन्नई सुपर किंग्स ने सोमवार को धोनी को टीम का मेंटर नियुक्त करने की घोषणा की। वह आईपीएल 2027 से नई जिम्मेदारी संभालेंगे। धोनी ने वर्ष 2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था, लेकिन आईपीएल में खेलना जारी रखा। वह आईपीएल के शुरुआती सीजन 2008 से ही इस लीग का हिस्सा रहे हैं। हालांकि, 2026 के सीजन में चोट के कारण वह एक भी मुकाबला नहीं खेल सके। अब उन्होंने आईपीएल में बतौर खिलाड़ी अपना सफर समाप्त करने का फैसला किया है।

चेन्नई को पांच बार बनाया चैंपियन

एमएस धोनी आईपीएल इतिहास के सबसे सफल कप्तानों में शामिल हैं। उनकी कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में आईपीएल का खिताब जीता। वर्ष 2016 और 2017 में चेन्नई की टीम पर प्रतिबंध के कारण धोनी राइजिंग पुणे सुपरजायंट की ओर से खेले थे।

धोनी ने अपनी कप्तानी, विकेटकीपिंग और मैच फिनिश करने की क्षमता से करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों के दिलों में जगह बनाई। उनके नेतृत्व में चेन्नई की टीम ने कई यादगार मुकाबले जीते। यही वजह है कि उन्हें चेन्नई के प्रशंसक ‘थाला’ के नाम से पुकारते हैं।

CSK ने खास संदेश के साथ किया स्वागत

चेन्नई सुपर किंग्स ने सोशल मीडिया पर धोनी की नई भूमिका की घोषणा करते हुए लिखा, “एक ऐसा खिलाड़ी जो जिंदगी में एक बार मिलता है। एक नई भूमिका और हमेशा बना रहने वाला रिश्ता। एमएस धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स के टीम मेंटर की जिम्मेदारी संभाल ली है।” फ्रेंचाइजी ने कहा कि अनगिनत जीत, चुनौतीपूर्ण समय और यादगार लम्हों के साथ धोनी शुरुआत से ही टीम के सफर का हिस्सा रहे हैं। अब वह टीम का नेतृत्व करने के बजाय सुपर किंग्स की अगली पीढ़ी को तैयार करने में योगदान देंगे। चेन्नई हमेशा उनका घर रहेगा।

चुपचाप लिया संन्यास का फैसला

चेन्नई सुपर किंग्स की सह-मालकिन रूपा गुरुनाथ ने एक वीडियो में धोनी के संन्यास लेने के फैसले से जुड़ा दिलचस्प खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 14 नवंबर को टीम के खिलाड़ियों को रिलीज करने और आगामी सीजन की रणनीति पर चर्चा के लिए वीडियो कॉल हुई थी। बातचीत के दौरान धोनी ने चुपचाप अपना नाम रिलीज किए जाने वाले खिलाड़ियों की सूची में शामिल करने के लिए कहा।

इस फैसले से टीम प्रबंधन भी हैरान रह गया। रूपा गुरुनाथ के मुताबिक, धोनी ऐसा खिलाड़ी नहीं हैं जो टीम के लिए अपना शत-प्रतिशत योगदान नहीं दे पाने की स्थिति में मैदान पर उतरना चाहें। उन्होंने यह भी कहा कि धोनी का अनुभव और मार्गदर्शन टीम के युवा खिलाड़ियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होगा।इस तरह मैदान पर हेलीकॉप्टर शॉट और बिजली की रफ्तार से स्टंपिंग के लिए पहचाने जाने वाले धोनी अब डगआउट से चेन्नई की नई पीढ़ी को तैयार करते नजर आएंगे।

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 8 6 3 7
Users Today : 3
Total Users : 4586379
Views Today : 3
Total views : 4611042
Read More