भिवाड़ी में एक माह तक चलेगा विशेष सफाई अभियान, शहर को स्वच्छ बनाने की दिशा में प्रशासन ने उठाया बड़ा कदम

SHARE:

कस्बे में स्वच्छता अभियान के दौरान सफाई करते जिला कलक्टर किशोर कुमार व पार्षद अमित नाहटा।

NCRkhabar@Bhiwadi. भिवाड़ी को “स्वच्छ भिवाड़ी, हरित भिवाड़ी” (Clean-Bhiwadi-Green Bhiwadi) बनाने की दिशा में एक महीने का विशेष सफाई अभियान शुरू किया गया है। केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव के निर्देश पर शुरू किए गए इस अभियान का उद्देश्य शहर की वायु गुणवत्ता को सुधारना और इसे एक स्वच्छ और हरित शहर बनाना है। यह विशेष सफाई अभियान 28 फरवरी 2025 तक चलेगा।

जिला कलक्टर ने किया अभियान का शुभारंभ

 खैरथल-तिजारा जिला कलक्टर किशोर कुमार (IAS Kishor Kumar, District Collector) ने नगर परिषद के वार्ड नंबर एक में जीएसटी कार्यालय के सामने फीता काटकर इस अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं सड़क पर झाड़ू लगाकर आम जन को सफाई का महत्व बताया और इस अभियान में सभी की भागीदारी की अपील की। जिला कलेक्टर ने कहा कि यह अभियान स्वच्छ भारत मिशन के तहत एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने भिवाड़ी को “स्वच्छ भिवाड़ी, हरित भिवाड़ी, भव्य भिवाड़ी” बनाने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि सफाई केवल एक दिन या एक महीने का अभियान नहीं है, बल्कि यह हमारे जीवन और समाज की गुणवत्ता को बेहतर बनाने की दिशा में एक निरंतर प्रयास है।

उन्होंने कहा कि सफाई केवल एक दिन या एक माह का अभियान नहीं है, बल्कि यह एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है, जो हमारे जीवन और समाज की गुणवत्ता को प्रभावित करती है। स्वच्छता केवल एक आदत नहीं, बल्कि जिम्मेदारी है। हमें यह समझना होगा कि स्वच्छता केवल नगर परिषद या सफाई कर्मचारियों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि हम सभी नागरिकों की समान जिम्मेदारी है।
सफाई को दिनचर्या का हिस्सा बनाएं – पुलिस अधीक्षक 
पुलिस अधीक्षक भिवाड़ी ज्येष्ठा मैत्रेयी ने नागरिकों से अपील की कि वे सफाई को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि हमें सड़क पर कचरा नहीं फेंकना चाहिए, पॉलिथीन का उपयोग बंद करना चाहिए और कचरे का सही निस्तारण करना चाहिए। एसपी ने कहा की हमें बच्चों और युवाओं को इस दिशा में प्रेरित करना चाहिए, क्योंकि वे हमारे समाज के भविष्य हैं। यह अभियान तभी सफल होगा जब हम सभी मिलकर इसे एक आंदोलन का रूप देंगे।
नगर परिषद आयुक्त होंगे सफाई अभियान के प्रभारी
इस विशेष अभियान के तहत नगर परिषद क्षेत्र के सभी वार्डों में सफाई कार्य को प्राथमिकता दी जाएगी। जिला कलक्टर ने इस अभियान का प्रभारी अधिकारी आयुक्त नगर परिषद भिवाड़ी मुकेश कुमार को बनाया तथा सह प्रभारी सहायक अभियंता अंकित श्रीवास्तव को नियुक्त किया। उन्होंने इस अभियान हेतु 4 टास्क फोर्स का गठन कर प्रथम, द्वितीय, तृतीय और चतुर्थ के सभी कर्मचारियों को वार्डों की सफाई के लिए तैनात किया है। प्रत्येक टास्क फोर्स में नौ कर्मचारियों को लगाया गया है। सफाई कार्य में कचरा प्वाइंट्स, मुख्य सड़कों और नालियों की विशेष सफाई की जाएगी। प्रत्येक सफाई कर्मी को अपने वार्ड क्षेत्र में सफाई के लिए रूट चार्ट के अनुसार साफ सफाई करने के निर्देश दिए। कनिष्ठ अभियंता के पर्यवेक्षण में टास्क फोर्स द्वारा प्रतिदिन सफाई अभियान संचालित किया जाएगा। सफाई कार्य पूर्ण होने के बाद फोटो लोकेशन के साथ कार्य की रिपोर्ट ग्रुप में साझा करने की जिम्मेदारी सुनिश्चित की गई है, साथ ही प्रत्येक वार्ड में सफाई की गुणवत्ता का मूल्यांकन किया जाएगा।
कार्यक्रम में ये गणमान्य लोग थे उपस्थित
इस दौरान पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी, अतिरिक्त जिला कलेक्टर अश्विन के पंवार, भूमि अधिग्रहण अधिकारी बीडा कपिल कुमार यादव, उपखंड अधिकारी टपूकड़ा लाखन सिंह गुर्जर, नगर परिषद आयुक्त मुकेश कुमार, सहायक अभियंता नगर परिषद अंकित श्रीवास्तव, पार्षद अमित नाहटा, भाजपा नेत्री कंचन तिवारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।
कस्बे में विशेष सफाई अभियान का शुभारंभ करते जिला कलक्टर किशोर कुमार व उपस्थित गणमान्य लोग।

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 7 5 9 5
Users Today : 200
Total Users : 4575950
Views Today : 247
Total views : 4596814
Read More