Khairthal-Tijara Police: नीले ड्रम मर्डर मिस्ट्री का राजफाश, पत्नी और प्रेमी ने रची खौफनाक साजिश, शराब पिलाकर गला दबाकर की हत्या, शव को ड्रम में छिपाया

SHARE:

Crime@ncrkhabar.com/Bhiwadi. खैरथल-तिजारा पुलिस (Khairthal  Tijara Police) ने किशनगढ़बास कस्बे में सामने आए सनसनीखेज नीले ड्रम हत्या कांड का 24 घंटे के भीतर राजफाश कर दिया। पुलिस ने मृतक की पत्नी सुनीता उर्फ लक्ष्मी देवी और उसके प्रेमी जितेंद्र शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों ने प्रेम प्रसंग में बाधा बनने पर पति हंसराज की हत्या कर दी और शव को छिपाने के लिए नीले प्लास्टिक ड्रम में नमक डालकर ठूंस दिया। यह वारदात मेरठ में हुई चर्चित ड्रम मर्डर केस से प्रेरित बताई जा रही है।

छत से आ रही दुर्गंध ने खोला राज

एसपी मनीष कुमार ने बताया कि 17 अगस्त को दोपहर करीब 3:45 बजे किशनगढ़बास की आदर्श विहार कॉलोनी वार्ड नंबर 14 में रहने वाले राजेश शर्मा के मकान की छत से दुर्गंध आने की सूचना पुलिस को मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो छत पर रखा नीले रंग का प्लास्टिक ड्रम शक के घेरे में आया। जब ड्रम को खोला गया तो उसमें एक युवक का सड़ा-गला शव मिला।
मौके पर एफएसएल टीम को बुलाया गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी किशनगढ़बास भेजा गया। बाद में मृतक की पहचान हंसराज पुत्र खेमकरण निवासी नवादिया, जिला शाहजहांपुर (यूपी) के रूप में हुई।

मेरठ केस से ली हत्या की तरकीब

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी सुनीता और उसका प्रेमी जितेंद्र लंबे समय से संबंध में थे। दोनों ने मेरठ में हुई चर्चित नीले ड्रम मर्डर मिस्ट्री को देखकर हत्या की योजना बनाई।
15 अगस्त की रात आरोपी जितेंद्र ने पार्टी के बहाने हंसराज को शराब पिलाई। जब वह नशे में चूर हो गया तो जितेंद्र ने उसकी छाती पर बैठकर तकिये से मुंह दबाया, जबकि सुनीता ने उसके पैर पकड़ लिए। कुछ ही देर में हंसराज की मौत हो गई। इसके बाद दोनों ने शव को प्लास्टिक ड्रम में ठूंसकर नमक डाल दिया और बच्चों को लेकर फरार हो गए।

पुलिस ने ऐसे पकड़ा आरोपी जोड़ा

हत्या की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक जयपुर रेंज राहुल प्रकाश और एसपी मनीष कुमार के निर्देशन में विशेष टीमें गठित की गईं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतनलाल भार्गव और डीएसपी राजेंद्र सिंह की देखरेख में साइबर सैल की मदद से आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की गई।
19 अगस्त को सूचना मिली कि दोनों आरोपी अलावड़ा के कमल भट्टे पर काम करने पहुंचे हैं। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। घटनास्थल से पुलिस ने नीला ड्रम, शव को ढकने वाली चादर और एक धारदार फर्सा भी बरामद किया है।

पूरे इलाके में सनसनी

इस हत्याकांड ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। मोहल्ले के लोगों के मुताबिक, आरोपी जितेंद्र ने पहले मृतक हंसराज और उसके परिवार को किरायेदार के रूप में अपने ही मकान में रखा था। इसी दौरान उसने पत्नी सुनीता के साथ मिलकर खौफनाक साजिश को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और हत्या में इस्तेमाल अन्य सामान के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।

किशनगढ़बास थाना पुलिस की गिरफ्त में हत्या के आरोपी।

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 7 5 9 4
Users Today : 193
Total Users : 4575943
Views Today : 240
Total views : 4596807
Read More