भिवाड़ी में वायु गुणवत्ता सुधार को लेकर प्रशासन सख्त: संयुक्त टीम ने किया डंपिंग यार्ड का औचक निरीक्षण, सुरक्षा व मॉनिटरिंग के दिए आदेश

SHARE:

Ncrkhabar@Bhiwadi. औद्योगिक नगरी भिवाड़ी में वायु गुणवत्ता में सुधार और ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP-3) के कड़े अनुपालन को लेकर प्रशासन सक्रिय हो गया है। बुधवार सुबह जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला के निर्देशानुसार अतिरिक्त जिला कलेक्टर भिवाड़ी सुमित्रा मिश्र के नेतृत्व में रीको, नगर परिषद, राजस्थान प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (आरएसपीसीबी) और बीडा अधिकारियों की संयुक्त टीम ने रीको रामपुरा स्थित डंपिंग यार्ड का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान यार्ड के पीछे स्थित पहाड़ी क्षेत्र में आग लगी हुई मिली। इस पर एडीएम सुमित्रा मिश्र ने गहरी नाराजगी जताते हुए रीको यूनिट प्रथम को अतिरिक्त चार सुरक्षा गार्ड तुरंत तैनात करने के आदेश दिए। साथ ही पूरे क्षेत्र में सुरक्षा और निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए, ताकि आग की घटनाओं पर समय रहते नियंत्रण पाया जा सके। नगर परिषद भिवाड़ी को भी सख्त आदेश दिए गए कि कचरा केवल निर्धारित स्थान पर ही डाला जाए और आग की रोकथाम हेतु पर्याप्त सफाईकर्मियों की ड्यूटी नियमित रूप से लगाई जाए।

डंपिंग यार्ड में सुरक्षा व मॉनिटरिंग सिस्टम होगा अपग्रेड

डंपिंग यार्ड की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए एडीएम ने कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए। इरीको यूनिट प्रथम को 10 सीसीटीवी कैमरे तत्काल लगाने के आदेश दिए गए हैं। फायर गाड़ियों के लिए उच्च क्षमता की मोटर स्थापित करने व पानी का दबाव बढ़ाने और वॉटर स्टोरेज टैंक तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए 24 घंटे एक जेसीबी मशीन तैनात करने का आदेश दिया गया है।

अवैध प्रवेश और धूम्रपान पर होगी सख्त कार्रवाई

डंपिंग यार्ड में अवैध प्रवेश, सिगरेट या बीड़ी पीने वालों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई की जाएगी। एडीएम ने पुलिस उप अधीक्षक, भिवाड़ी को निर्देश दिए कि ऐसे मामलों में बीएनएस की उपयुक्त धाराओं में केस दर्ज कर प्रकरण एसडीएम टपूकड़ा को भेजा जाए।

निर्माण स्थलों और धुआं फैलाने वाले वाहनों पर हो नियमित कार्रवाई

वायु प्रदूषण नियंत्रण को और प्रभावी बनाने के लिए निर्माण स्थलों, खुले में रखी निर्माण सामग्री, परिवहन वाहनों और धुआं उत्सर्जित करने वाली औद्योगिक इकाइयों की दो शिफ्टों में निगरानी होगी। प्रशासन ने अधिकारियों को सुबह 9 बजे और शाम 6:30 बजे नियमित कार्रवाई करने के कड़े निर्देश दिए हैं। संयुक्त निरीक्षण में एडीएम सुमित्रा मिश्र के साथ नगर परिषद आयुक्त मुकेश कुमार, आरपीसीबी के क्षेत्रीय प्रबंधक अमित जुयाल, रीको यूनिट प्रथम के एसआरएम, रीको यूनिट द्वितीय के यूनिट हेड तथा फायर अधिकारी मौजूद रहे।

कस्बे के रामपुर मुंडाना स्थित डंपिंग यार्ड का निरीक्षण करतीं एडीएम सुमित्रा मिश्र व अन्य अधिकारी।

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 7 5 9 4
Users Today : 193
Total Users : 4575943
Views Today : 240
Total views : 4596807
Read More