
ncrkhabar@Bhiwadi. औद्योगिक नगरी भिवाड़ी में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए लागू ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) का तीसरा चरण जमीनी स्तर पर बेअसर साबित हो रहा है। खुले में कचरा जलाने पर रोक के बावजूद रीको प्रशासन की लापरवाही से प्रदूषण फैलाने वाले बेखौफ नजर आ रहे हैं।
शुक्रवार को एमटीआई चौक से कहरानी औद्योगिक क्षेत्र की ओर जाने वाले मार्ग पर खुले में कचरा जलाया गया। जलते कचरे से उठता घना धुआं दूर तक फैल गया, जिससे आसपास के इलाकों में हवा की गुणवत्ता और खराब हो गई। हैरानी की बात यह रही कि घटना के दौरान न तो रीको की कोई निरीक्षण टीम मौके पर पहुंची और न ही दमकल सेवा को सूचित किया गया। रीको प्रशासन, नगर परिषद और बीड़ा द्वारा GRAP की सख्ती से पालना कराने के दावे लगातार किए जा रहे हैं, लेकिन मौके की तस्वीर इन दावों को खोखला साबित कर रही है। GRAP-3 के तहत खुले में कचरा जलाना पूरी तरह प्रतिबंधित है, इसके बावजूद न तो चालान काटे गए और न ही दोषियों पर कोई कार्रवाई हुई।
हालांकि हवाओं की रफ्तार बढ़ने के चलते फिलहाल GRAP-4 की पाबंदियां हटा ली गई हैं, लेकिन प्रदूषण की स्थिति में कोई खास सुधार नहीं आया है। शुक्रवार को भिवाड़ी का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 268 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है और स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा माना जाता है। प्रदूषण के बढ़ते स्तर से बच्चों, बुजुर्गों और सांस के मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि रीको प्रशासन ने जल्द सख्त कदम नहीं उठाए, तो GRAP जैसे नियम केवल कागजी औपचारिकता बनकर रह जाएंगे। नागरिकों ने खुले में कचरा जलाने वालों पर नियमित निगरानी, त्वरित कार्रवाई और भारी जुर्माना लगाने की मांग की है।

Users Today : 193
Total Users : 4575943
Views Today : 240
Total views : 4596807



