
NCRkhabar@Bhiwadi. राजस्थान न्यायिक सेवा (आरजेएस) परीक्षा में प्रदेश स्तर पर तीसरा स्थान हासिल कर अलवर जिले का नाम रोशन करने वाली अंबिका सिंह राठौड़ का रविवार को भिवाड़ी में राजपूत समाज की ओर से स्वागत एवं सम्मान किया गया। अंबिका सिंह मूल रूप से अलवर की रहने वाली हैं और रविवार को भिवाड़ी में अपने चाचा लखन सिंह राठौड़ के यहां आई हुई थीं। इसी दौरान उनके सम्मान में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। राज मोटर ड्राइविंग स्कूल भिवाड़ी के संचालक लखन सिंह राठौड़ के निवास पर आयोजित सम्मान समारोह में बीएमए के पूर्व सचिव डीवीएस राघव, श्री राजपूत सभा समिति भिवाड़ी रजिस्टर्ड समाज के वरिष्ठ उपाध्यक्ष आर के राघव, उपाध्यक्ष लाखन सिंह राठौड़ महासचिव-संजीव सिंह जादौन, संगठन मंत्री- विजेंद्र चौहान, बीर सिंह तोमर, उदयवीर सिंह पुंडीर कृष्णा,वीर सिंह राणा, प्रताप चौहान, संजय तंवर, संयुक्त सचिव जिलेदार सिंह, मधु यादव, तथा विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि व स्थानीय नागरिकों ने अंबिका सिंह और उनके पिता जय सिंह राठौड़, माता मंजू राठौड़ व परिवारजनो को बधाई दी तथा अंबिका सिंह को शॉल ओढ़ाकर व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया और मिठाई खिलाकर बधाई दी। वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि अंबिका सिंह की यह सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे अलवर-भिवाड़ी क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि आरजेएस जैसी प्रतिष्ठित और कठिन परीक्षा में शीर्ष स्थान प्राप्त करना यह साबित करता है कि कड़ी मेहनत, अनुशासन, निरंतर अध्ययन और आत्मविश्वास से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। वक्ताओं ने कहा कि अंबिका की सफलता समाज की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और उन्हें उच्च लक्ष्य तय करने के लिए प्रोत्साहित करेगी। राज मोटर ड्राइविंग स्कूल भिवाड़ी के संचालक एवं अंबिका सिंह के चाचा लखन सिंह राठौड़ ने बताया कि अंबिका सिंह की लगन और परिश्रम का ही परिणाम है कि आज उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है। लाखन सिंह ने कहा कि परिवार ही नहीं, पूरा समाज उनकी सफलता पर गर्व महसूस कर रहा है। कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य नागरिकों ने अंबिका सिंह राठौड़ के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वे न्यायिक सेवा में रहते हुए पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगी तथा न्याय व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाएंगी। समारोह के अंत में अंबिका सिंह राठौड़ ने सभी शुभचिंतकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि न्यायिक सेवा में जाना उनका बचपन का सपना था और यह सफलता उनके माता-पिता, परिवार तथा गुरुजनों के आशीर्वाद और मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने युवाओं से लक्ष्य तय कर कड़ी मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश भी दिया।




Users Today : 198
Total Users : 4575948
Views Today : 245
Total views : 4596812



