नए साल में उपभोक्ता सेवा सुधार पर जयपुर डिस्कॉम का फोकस, अब कृषि श्रेणी में भी होंगे डिफेक्टिव मीटर मुक्त

SHARE:

NCRkhabar@Bhiwadi. जयपुर विद्युत वितरण निगम (जयपुर डिस्कॉम) ने नए साल में उपभोक्ता सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने का संकल्प लिया है। डिस्कॉम्स चेयरमैन आरती डोगरा ने कहा कि वर्ष 2026 में निगम का प्रमुख फोकस उपभोक्ता संतुष्टि, निर्बाध बिजली आपूर्ति, बिजली छीजत रोकने, आरडीएसएस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और शत-प्रतिशत राजस्व रिकवरी पर रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि गैर कृषि श्रेणी में सभी डिफेक्टिव मीटर बदलकर निगम ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है और अब यही लक्ष्य कृषि श्रेणी में भी पूरा किया जाएगा, ताकि वास्तविक खपत के आधार पर सटीक बिलिंग सुनिश्चित हो सके। डोगरा तीनों विद्युत वितरण निगमों के अभियन्ताओं को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने शून्य डिफेक्टिव मीटर (गैर कृषि) लक्ष्य हासिल करने पर अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह सफलता किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि टीम जयपुर डिस्कॉम के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है, जिसमें अधीक्षण अभियन्ता से लेकर मीटर रीडर तक तकनीकी और गैर तकनीकी सभी कार्मिकों का समान योगदान रहा है।

डिस्कॉम्स चेयरमैन ने कहा कि उपभोक्ताओं को समय पर कनेक्शन मिले, मीटर बदलवाने के लिए इंतजार न करना पड़े, ट्रिपिंग की समस्या न्यूनतम हो और निगम का रिस्पॉन्स टाइम बेहतर हो—यही नए साल के प्रमुख लक्ष्य हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उपभोक्ताओं को कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न काटने पड़ें, इसके लिए प्रक्रियाओं को और सरल किया जाएगा। बैठक के दौरान कोटपूतली सर्किल को डिफेक्टिव मीटरमुक्त बनाने पर अधीक्षण अभियन्ता मनोज गुप्ता, राजस्व रिकवरी और विजिलेंस गतिविधियों पर करौली के अधीक्षण अभियन्ता रूपसिंह गुर्जर, आरडीएसएस योजना पर राजसमंद के अधीक्षण अभियन्ता भवानी शंकर शर्मा तथा छीजत कम करने के नवाचारों पर जोधपुर वृत्त के अधीक्षण अभियन्ता संजीव माथुर ने प्रस्तुतीकरण दिया। इस अवसर पर जोधपुर डिस्कॉम के प्रबंध निदेशक डॉ. भंवरलाल, अजमेर डिस्कॉम के प्रबंध निदेशक के.पी. वर्मा सहित तीनों निगमों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि अधिशासी एवं सहायक अभियन्ता वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जुड़े।

 

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 7 5 9 4
Users Today : 198
Total Users : 4575948
Views Today : 245
Total views : 4596812
Read More