

![]()
ncrkhabar@Bhiwadi.जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से मंगलवार को भिवाड़ी के नए पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय ने विधिवत रूप से कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालते ही उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर जिले की कानून-व्यवस्था की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। एसपी उपाध्याय ने स्पष्ट कहा कि जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को आमजन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे लोगों में सुरक्षा की भावना और विश्वास मजबूत होगा। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अपराधों पर सख्ती से नियंत्रण किया जाएगा।
बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों से अपराध और अपराधियों की विस्तृत जानकारी ली तथा साइबर ठगी, चोरी, डकैती और मादक पदार्थों की बिक्री जैसे मामलों में प्रभावी रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही, आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने भिवाड़ी की भौगोलिक स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र तीन ओर से हरियाणा से घिरा हुआ है, जिसके कारण बाहरी अपराधियों का आवागमन बना रहता है। ऐसे अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा और अंतरराज्यीय समन्वय को मजबूत किया जाएगा।
एसपी ने कहा कि डीग में पदस्थापना के दौरान प्राप्त अनुभव का उपयोग गौतस्करी, एटीएम लूट और साइबर ठगी जैसे अपराधों की रोकथाम में किया जाएगा। वहीं खैरथल-तिजारा का अतिरिक्त कार्यभार मिलने पर उन्होंने कहा कि राजस्व जिला एक होने के कारण दोनों पुलिस जिलों को एक इकाई मानते हुए समन्वित रूप से कार्य किया जाएगा, ताकि अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। इससे पूर्व एसपी कार्यालय पहुंचने पर एएसपी अतुल साहू ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया तथा पुलिस कर्मियों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इस मौके पर थाना प्रभारी सचिन शर्मा, फेज थर्ड थाना प्रभारी दारा सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।



Users Today : 193
Total Users : 4575943
Views Today : 240
Total views : 4596807



