
Crime@ncrkhabar. com-Bhiwadi. राजस्थान के खैरथल तिजारा जिले में कार सवार पर फायरिंग करने के मामले में मुंडावर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर गब्बर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त दो देशी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, दो खाली मैगजीन और एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी हरियाणा के रेवाड़ी जिले के प्राणपुरा गांव का निवासी है और उसके खिलाफ हत्या, लूट, फायरिंग सहित कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
मुंडावर थानाधिकारी मोहर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि 25 मार्च को ग्राम जसाई में पुरानी रंजिश के चलते आरोपी अपने साथियों के साथ बुलेट मोटरसाइकिल और स्कॉर्पियो कार में सवार होकर आया था। इस दौरान आरोपियों ने परिवादी और उसकी फॉर्च्यूनर कार पर जान से मारने की नीयत से अंधाधुंध फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद मुंडावर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। पुलिस ने आसूचना संकलन और तकनीकी सहायता के आधार पर मुख्य आरोपी गब्बर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार और वाहन बरामद किए गए हैं।पुलिस के अनुसार आरोपी बावल थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ पहले से आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या, हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट और सरकारी कार्य में बाधा जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। फिलहाल पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और अवैध हथियार रखने व सप्लाई करने वाले गिरोहों पर भी नजर रखी जा रही है।



Users Today : 173
Total Users : 4546739
Views Today : 202
Total views : 4558982



