खैरथल-तिजारा के नए जिला कलक्टर अतुल प्रकाश ने संभाला पदभार, शिक्षा, स्वास्थ्य और उद्योग विकास पर रहेगा फोकस

SHARE:

ncrkhabar@Bhiwadi. आईएएस अधिकारी अतुल प्रकाश ने बुधवार को खैरथल-तिजारा जिले के नए जिला कलक्टर के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने जिला कलक्ट्रेट में उपखंड अधिकारियों, तहसीलदारों और अन्य विभागीय अधिकारियों के साथ परिचयात्मक बैठक कर जिले में चल रही विकास योजनाओं और कार्यों की विस्तृत जानकारी ली।

जिला कलक्टर अतुल प्रकाश ने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्र में नियमित मॉनिटरिंग करें और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए उन्हें समय पर पूरा कराएं। उन्होंने जिले के समग्र विकास के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, विद्युत और स्वच्छता जैसे बुनियादी क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने की बात कही। शिक्षा के क्षेत्र में सरकारी स्कूलों की गुणवत्ता सुधारने और डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने पर जोर दिया जाएगा। वहीं स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए भी प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।

जिला कलक्टर ने युवाओं के कौशल विकास को प्राथमिकता बताते हुए कहा कि रोजगारपरक प्रशिक्षण कार्यक्रमों को बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि स्थानीय युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर मिल सकें। साथ ही औद्योगिक क्षेत्र के विकास के लिए निवेश आकर्षित करने, उद्योगों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने और नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना को प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचे, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। इसके लिए योजनाओं की नियमित समीक्षा कर पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का वास्तविक लाभ पहुंचाया जाएगा। जिला कलक्टर अतुल प्रकाश ने अधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि सभी मिलकर खैरथल-तिजारा जिले को विकास की नई दिशा देंगे।

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 7 2 7 0
Users Today : 24
Total Users : 4572707
Views Today : 26
Total views : 4592225
Read More