
ncrkhabar@Bhiwadi.औद्योगिक नगरी भिवाड़ी सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में गुरुवार को ईदुल अजहा का पर्व धार्मिक आस्था, अकीदत और भाईचारे के साथ मनाया गया। सुबह से ही मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा करने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। नमाज के दौरान लोगों ने देश में अमन-चैन, खुशहाली और आपसी सौहार्द की दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। भिवाड़ी के घटाल, उदयपुर, मटिला, खिदरपुर, कहरानी, चौपानकी और टपुकड़ा सहित विभिन्न क्षेत्रों में सुबह साढ़े सात बजे से आठ बजे के बीच ईद की नमाज अदा की गई। ईदगाहों और मस्जिदों में सुबह से ही रौनक देखने को मिली। नमाज के बाद लोगों ने हजरत इब्राहीम अलैहिस्सलाम की सुन्नत के रूप में कुर्बानी की रस्म अदा की।
त्याग, समर्पण व बलिदान का पर्व ईदुल अजहा
ईमाम साहिबान ने नमाज के बाद नमाजियों को खिताब करते हुए कहा कि ईदुल अजहा त्याग, समर्पण और बलिदान का पर्व है। हजरत इब्राहीम अलैहिस्सलाम ने अल्लाह के हुक्म पर कुर्बानी देकर इंसानियत और ईमानदारी का संदेश दिया था। उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने, गरीबों और जरूरतमंदों की मदद करने तथा समाज में प्रेम और सौहार्द बढ़ाने की अपील की। त्योहार को लेकर बाजारों और मोहल्लों में दिनभर रौनक बनी रही। बच्चों और युवाओं में ईद को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों ने घरों में विभिन्न पकवान तैयार कर मेहमानों की खातिरदारी की।
वहीं, ईदुल अजहा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आया। प्रमुख नमाज स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। अधिकारियों ने लगातार क्षेत्र का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एडवोकेट शाहिद हुसैन, नरेंद्र खटाना, इस्लामुद्दीन, यूसुफ खान, आसू खान, खलील खान, आसिफ गोधान, हमीद खान और आस मोहम्मद सहित अन्य लोगों ने क्षेत्रवासियों को ईदुल अजहा की मुबारकबाद देते हुए अमन, भाईचारे और खुशहाली की दुआ की।

Users Today : 193
Total Users : 4575943
Views Today : 240
Total views : 4596807



