
Sports@ncrkhabar. com-Bhiwadi.भिवाड़ी के युवा क्रिकेटर मानव कृष्णा का भारत अंडर-19 क्रिकेट टीम में चयन होने पर खेल प्रेमियों और क्रिकेट जगत में खुशी की लहर है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की जूनियर क्रिकेट समिति द्वारा श्रीलंका दौरे के लिए घोषित भारत अंडर-19 टीम में मानव कृष्णा को टेस्ट टीम में विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में शामिल किया गया है। मानव कृष्णा वर्ष 2017 से भिवाड़ी की डीसीए क्रिकेट अकादमी में नियमित अभ्यास कर रहे हैं। अकादमी के कोच अरविंद यादव के मार्गदर्शन में उन्होंने क्रिकेट की बारीकियां सीखीं और अपने खेल को लगातार निखारा। उनकी मेहनत, अनुशासन और शानदार प्रदर्शन का ही परिणाम है कि उन्हें भारतीय अंडर-19 टीम में जगह मिली है।
मूल रूप से केरल के त्रिवेंद्रम से संबंध रखने वाले मानव कृष्णा का परिवार कॉसमॉस सोसायटी में रहता है और उनके पिता गुरुग्राम की एक कंपनी में काम करते हैं। मानव ने क्रिकेट करियर की शुरुआत जिला स्तर से की थी। बेहतर प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन त्रिवेंद्रम जिला क्रिकेट टीम में हुआ। इसके बाद उन्होंने केरल की आयु वर्ग क्रिकेट प्रतियोगिताओं में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और राज्य टीम में जगह बनाई। उनकी नेतृत्व क्षमता को देखते हुए उन्हें केरल अंडर-19 टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी भी सौंपी गई।मानव ने प्रतिष्ठित अंडर-16 विजय मर्चेंट ट्रॉफी में केरल का प्रतिनिधित्व किया है। इसके अलावा उन्होंने अंडर-19 कूच बिहार ट्रॉफी में भी केरल टीम का नेतृत्व करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में उनकी प्रतिभा और निरंतरता ने चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया।
डीसीए क्रिकेट अकादमी के कोच अरविंद यादव ने मानव को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल मानव बल्कि पूरी अकादमी और भिवाड़ी क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि मानव श्रीलंका दौरे पर शानदार प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करेंगे। मानव कृष्णा के चयन से भिवाड़ी के युवा खिलाड़ियों में उत्साह का माहौल है और उनकी सफलता क्षेत्र के उभरते क्रिकेटरों के लिए प्रेरणा बन गई है।
मानव कृष्णा एक नजर में
वर्तमान निवास: कॉसमॉस सोसायटी, भिवाड़ी
मूल निवास: त्रिवेंद्रम (केरल)
भूमिका: विकेटकीपर बल्लेबाज
प्रशिक्षण: एसएस स्पोर्ट्स अकादमी, भिवाड़ी
कोच: अरविंद यादव
उपलब्धि: भारत अंडर-19 मल्टी-डे टीम में चयन
आगामी दौरा: श्रीलंका (3 वनडे और 2 मल्टी-डे मैच)

Users Today : 189
Total Users : 4575939
Views Today : 234
Total views : 4596801



