Bhiwadi Yoga Day News : नाहटा फाउंडेशन के योग शिविर में उमड़ा जनसैलाब, स्वस्थ जीवन के लिए नियमित योग का दिया संदेश

SHARE:

ncrkhabar@Bhiwadi.अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर नाहटा फाउंडेशन द्वारा रविवार को वेदांता फार्म, अलवर बायपास रोड, भिवाड़ी में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। सुबह 6 बजे से 8 बजे तक आयोजित इस कार्यक्रम में शहर के गणमान्य नागरिकों, युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों तथा विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक एवं सेवा संगठनों के प्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ नाहटा फाउंडेशन के ट्रस्टी एवं वार्ड नंबर-2 के पार्षद अमित नाहटा द्वारा अतिथियों एवं प्रतिभागियों के स्वागत के साथ हुआ। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला संघचालक एवं बीआईआईए के फाउंडर मेंबर विपिन चौधरी, भारतीय योग संस्थान की जिला प्रधान शीला चौहान तथा तापसी शिक्षण प्रशिक्षण संस्थान के संचालक निशांत शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

दीप प्रज्वलन के साथ हुआ योग शिविर का शुभारंभ

सुबह 6:30 बजे दीप प्रज्वलन एवं वंदे मातरम् के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। इसके बाद योग गुरुओं ने प्रतिभागियों को योगाभ्यास से संबंधित आवश्यक जानकारी देते हुए विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान क्रियाओं का अभ्यास कराया। लगभग एक घंटे तक चले सामूहिक योग सत्र में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

योग को बताया स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार

योग प्रशिक्षकों ने अपने संबोधन में कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवनशैली का आधार है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से मजबूत बनाता है तथा तनावमुक्त जीवन जीने में सहायक होता है।

योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान

समापन सत्र में नगर परिषद भिवाड़ी के आयुक्त मुकेश चौधरी ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ती जीवनशैली संबंधी बीमारियों के बीच योग सबसे सरल और प्रभावी समाधान है। उन्होंने नागरिकों से नियमित योग अपनाने और नई पीढ़ी को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।

वैश्य महासंघ भिवाड़ी के अध्यक्ष सीए आर.के. गुप्ता ने कहा कि भारत की प्राचीन योग परंपरा आज पूरे विश्व में स्वास्थ्य और सकारात्मक जीवन का प्रतीक बन चुकी है। वहीं नाहटा फाउंडेशन के ट्रस्टी अमित नाहटा ने कहा कि योग केवल एक दिवस तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे हर व्यक्ति की दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।

विभिन्न सामाजिक संगठनों की रही सक्रिय भागीदारी

योग शिविर में नगर परिषद भिवाड़ी, वैश्य महासंघ, भारत विकास परिषद, इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी, रोटरी क्लब ऑफ भिवाड़ी शक्ति, भारतीय योग संस्थान, तापसी शिक्षण प्रशिक्षण संस्थान, रनर किंग भिवाड़ी सहित अनेक सामाजिक और शैक्षणिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों का सम्मान किया गया तथा सभी प्रतिभागियों ने योग को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाने और स्वस्थ, सकारात्मक एवं जागरूक समाज के निर्माण में योगदान देने का सामूहिक संकल्प लिया। राष्ट्रगान और धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

 

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 6 3 1 9
Users Today : 80
Total Users : 4563194
Views Today : 91
Total views : 4579481
Read More