

Ncrkhabar@Bhiwadi. श्रीराम पिस्टन एंड रिंग्स लिमिटेड पथरेड़ी के सहयोग से भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान (EDI) की ओर से भिवाड़ी में महिलाओं के लिए उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार, उद्यमिता और सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम में 45 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में श्री राम पिस्टन एंड रिंग्स लिमिटेड के प्रतिनिधि अनिल यादव एवं करण सिंह यादव ने महिलाओं को अपने कौशल के आधार पर स्वरोजगार अपनाने, छोटे उद्योग स्थापित करने तथा उपलब्ध व्यावसायिक अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर महिलाएं न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करती हैं, बल्कि समाज और देश के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान की दिविशा एवं निहारिका ने समूह आधारित उद्यम (ग्रुप एंटरप्राइज) की अवधारणा, उसके लाभ और सफल संचालन की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से व्यवसाय शुरू करने, सामूहिक निवेश, विपणन और वित्तीय प्रबंधन के बारे में भी जागरूक किया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता कमल चौधरी ने महिलाओं को स्वरोजगार के विभिन्न अवसरों, सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों की संभावनाओं तथा केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न रोजगार एवं उद्यमिता योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाकर आर्थिक रूप से सशक्त बनने का आह्वान किया।
इस दौरान चित्राक्षी बाली ने वित्तीय समावेशन, बैंकिंग सेवाओं, डिजिटल भुगतान, बचत, ऋण सुविधाओं तथा उत्पाद विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी साझा की। उन्होंने महिलाओं को बैंकिंग प्रणाली से जुड़ने और वित्तीय संसाधनों का बेहतर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर सोनू सिंह ने किया, जबकि प्रोजेक्ट ऑफिसर अमित कुमार ने आयोजन में सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम में कल्पना चौधरी, हेमलता शर्मा, पूजा सहित कुल 45 महिलाओं ने भाग लिया।
समापन पर प्रतिभागियों ने भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान एवं श्री राम पिस्टन एंड रिंग्स लिमिटेड का महिलाओं के सशक्तिकरण और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए इस उपयोगी कार्यक्रम के आयोजन पर आभार व्यक्त किया।

Users Today : 189
Total Users : 4575939
Views Today : 234
Total views : 4596801



